बस्तर में एनएमडीसी का बड़ा प्रोजेक्ट शुरू, 5,427 करोड़ की लागत से पेलेट प्लांट की शुरुआत

NMDC Bastar Mega Project: छत्तीसगढ़ के बस्तर में खनन और लौह अयस्क के क्षेत्र में एनएमडीसी ने एक बड़ी परियोजना शुरू की है। एनएमडीसी लिमिटेड ने नगरनार में 2 मिलियन टन प्रति वर्ष क्षमता वाले पेलेट संयंत्र को शुरू कर दिया है। यह संयंत्र करीब 5,427 करोड़ रुपए की लागत वाली एकीकृत परियोजना का हिस्सा है। इस परियोजना के जरिए बचेली स्थित एनएमडीसी के लौह अयस्क संचालन को नगरनार स्थित इस्पात संयंत्र से जोड़ा गया है। इस एकीकृत परियोजना में बचेली में नया लौह अयस्क प्रसंस्करण संयंत्र, 15 एमटीपीए क्षमता की स्लरी पाइपलाइन और नगरनार में 2 एमटीपीए क्षमता वाला पेलेट संयंत्र शामिल है। परियोजना के तहत करीब 135 किलोमीटर लंबी स्लरी पाइपलाइन तैयार की गई है, जो बचेली से नगरनार तक प्रसंस्कृत लौह अयस्क कॉन्संट्रेट पहुंचाएगी। इससे सड़क मार्ग से अयस्क के परिवहन का विकल्प उपलब्ध होगा।
यह भी पढ़ें:- कजिंद से तरंग शक्ति तक भारत की बढ़ी सैन्य सक्रियता, समुद्र में टैंकर को बचाया, टला बड़ा हादसा, 7 देशों के साथ युद्धाभ्यास
एनएमडीसी की इस परियोजना से बैलाडीला की खदानों से निकलने वाले लौह अयस्क के फाइन्स और स्लाइम्स को प्रसंस्कृत कर कॉन्संट्रेट में बदला जा सकेगा। इसके बाद कॉन्संट्रेट को नगरनार स्थित पेलेट संयंत्र में पेलेट में परिवर्तित किया जाएगा। पेलेट संयंत्र में इस काम के लिए स्ट्रेट ग्रेट इंडुरेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। तैयार पेलेट का इस्तेमाल इस्पात निर्माण में किया जा सकेगा। कंपनी के मुताबिक इस परियोजना से लौह अयस्क की पूरी वैल्यू चेन में एनएमडीसी की मौजूदगी और मजबूत होगी। यानी खनन और अयस्क के प्रसंस्करण से लेकर उसके परिवहन और पेलेट उत्पादन तक की प्रक्रिया को एकीकृत किया गया है। 135 किलोमीटर लंबी यह स्लरी पाइपलाइन बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों के 61 गांवों से होकर गुजरती है। इसे सड़क मार्ग से प्रसंस्कृत अयस्क की ढुलाई का वैकल्पिक माध्यम उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेलवे पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके जरिए बचेली और नगरनार के बीच एक समर्पित परिवहन लिंक तैयार हुआ है।
खराब मौसम के कारण मुख्यालय से हुई कमीशनिंग की निगरानी
नगरनार पेलेट संयंत्र से पहले उत्पादन की प्रक्रिया की निगरानी एनएमडीसी के मुख्यालय से की गई। एनएमडीसी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अमिताभ मुखर्जी और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस प्रक्रिया को देखा। खराब मौसम के कारण कंपनी का वरिष्ठ नेतृत्व परियोजना स्थल तक नहीं पहुंच सका, इसलिए मुख्यालय से ही पहले उत्पादन की प्रक्रिया की निगरानी की गई। इस मौके पर एनएमडीसी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अमिताभ मुखर्जी ने कहा कि यह कंपनी के लिए गर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि परियोजना को पूरा करना आसान नहीं था, क्योंकि इसमें प्रसंस्करण सुविधाओं के साथ स्लरी पाइपलाइन और पेलेट संयंत्र का निर्माण शामिल था। उनके मुताबिक लंबे समय से जिस परियोजना का इंतजार किया जा रहा था, उसका सपना अब साकार हुआ है। एनएमडीसी के मुताबिक यह परियोजना कंपनी की विस्तार और विविधीकरण रणनीति का हिस्सा है। (NMDC Bastar Mega Project)
100 मिलियन टन उत्पादन क्षमता की दिशा में कदम
कंपनी लंबी अवधि में अपनी लौह अयस्क उत्पादन क्षमता को 100 मिलियन टन तक बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में नगरनार का पेलेट संयंत्र और बचेली से नगरनार तक स्लरी पाइपलाइन कंपनी के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा माना जा रहा है। इस परियोजना के शुरू होने से एनएमडीसी के बैलाडीला संचालन से निकलने वाले लौह अयस्क फाइन्स और स्लाइम्स का बेहतर उपयोग हो सकेगा। साथ ही कंपनी के उत्पाद पोर्टफोलियो में पेलेट जैसे मूल्य-वर्धित उत्पाद को भी शामिल किया गया है। बचेली से नगरनार तक अयस्क पहुंचाने के लिए पाइपलाइन आधारित व्यवस्था तैयार होने से परिवहन के लिए एक अतिरिक्त विकल्प भी उपलब्ध हुआ है। कुल मिलाकर एनएमडीसी की इस एकीकृत परियोजना से बचेली की खदानों से निकलने वाले लौह अयस्क के बेहतर इस्तेमाल से लेकर नगरनार में पेलेट उत्पादन तक पूरी प्रक्रिया मजबूत होगी। 5,427 करोड़ रुपए की यह परियोजना बस्तर में एनएमडीसी के विस्तार के साथ-साथ कंपनी के लंबी अवधि के उत्पादन लक्ष्य की दिशा में भी अहम कदम मानी जा रही है। (NMDC Bastar Mega Project)




