8 फरवरी को छत्तीसगढ़ पहुंचेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा, BJP ने कसा तंज

Nyay Yatra in Chhattisgarh: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 8 फरवरी को छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने वाली है, जिसके लिए रूट मैप जारी कर दिया गया है। जारी रूट मैप के मुताबिक राहुल गांधी की यात्रा ओडिशा से रायगढ़ बॉर्डर के जरिए रेंगलापाली होते हुए सुबह 10 बजे छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगी। इस दौरान ध्वज हस्तांतरण समारोह होगा, जिसमें राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद यात्रा 2 दिन के लिए रोकी जाएगी, क्योंकि राहुल गांधी नई दिल्ली में पार्टी की अहम बैठक में शामिल होने वाले हैं। 9 और 10 फरवरी को रायगढ़ में यात्रा पर विराम होगा। इसके बाद 11 को रायगढ़ से सुबह 9 बजे फिर यात्रा शुरू होगी, जहां के दीमापुर चौक में राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे और खरसिया विधानसभा के लिए आगे निकल जाएंगे।

यह भी पढ़ें:- भारत एनर्जी का तीसरा सबसे बड़ा कंज्यूमर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

यात्रा खरसिया से सक्ती होते हुए कोरबा पहुंचेगी। कोरबा के भैस्मा में 11 फरवरी को राहुल गांधी रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं यात्रा सुबह कोरबा से कटघोरा होते हुए सूरजपुर के तारा पहुंचेगी, जहां 12 फरवरी को रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद यात्रा तारा से अंबिकापुर होते हुए बलरामपुर जाएगी, जहां के झींगो में 13 फरवही को रात्रि विश्राम होगा। वहीं भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 फरवरी को बलरामपुर-रामानुजनागंज होते हुए झारखंड में प्रवेश करेगी। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में अपनी न्याय यात्रा के तहत प्रदेश की 5 लोकसभा क्षेत्रों का दौरा कर करेंगे। न्याय यात्रा प्रदेश के 7 जिलों से गुजरेगी, जिसमें छत्तीसगढ़ में कुल 536 किलोमीटर की यात्रा होगी। (Nyay Yatra in Chhattisgarh)

छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक रहेगा भारत जोड़ो न्याय यात्रा: बैज

यात्रा को लेकर PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक रहेगा। राहुल गांधी जनता से सीधे संवाद करेंगे। हर वर्ग के लोगों से मुलाकात भी करेंगे। यात्रा को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से भाजपा डरी हुई है। इसलिए उनके अनुसांगिक संगठन और ट्रोल ग्रुप द्वारा गलत बयानबाजी की जा रही है। गलत खबरें प्रसारित कर रहे हैं। भाजपाइयों में डर स्पष्ट दिख रहा है। न्याय यात्रा के माध्यम से 2024 में बदलाव आएगा। न्याय यात्रा प्रदेश के माताओं-बहनों समेत हर वर्ग की आवाज उठा रही है। तानाशाही सरकार के गलत नीतियों के खिलाफ विरोध कर रही है। इससे भाजपा डरी हुई है। (Nyay Yatra in Chhattisgarh)

राहुल गांधी की यात्रा से BJP के वोट परसेंटेज बढ़ेंगे: संजय श्रीवास्तव 

राहुल गांधी की न्याय यात्रा को लेकर BJP प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा जब-जब हुई है, वहां-वहां कांग्रेस साफ होती चले गई है। सिर्फ पांच सीटों पर क्यों ग्यारह की ग्यारह सीट पर जाए। इनके यात्रा के बाद हमारे वोट परसेंटेज बढ़ेंगे। उनके यात्रा में छत्तीसगढ़ में हास्य प्रसंग चलेगा और जनता का मनोरंजन होगा। प्रदेश महामंत्री ने न्याय को लेकर कहा कि शिक्षक दिवस पर शिक्षिका के साथ और रक्षाबंधन के दिन बहनों के साथ बलात्कार हुआ, जो घर के अंदर न्याय नहीं कर सकता वो बाहर क्या न्याय करेगा। (Nyay Yatra in Chhattisgarh)

कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी: साव

डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि जिन लोगों ने 75 साल तक देश और जनता के प्रति अन्याय किया वे न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। इससे लोकसभा में कांग्रेस को कोई लाभ नहीं मिलेगा। जनता उनसे दूर हो चुकी है। राहुल गांधी पहले भी यात्रा निकाल चुके हैं, जिसका नतीजा तीन राज्य उनके हाथ से चला गया। PM मोदी के काम को जनता पसंद करती है। छत्तीसगढ़ की जनता ने PM नरेंद्र मोदी और भाजपा को तीसरी बार सत्ता सौंपने का मन बना लिया है। छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटें हम जीतेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि पिछली बार भी भारत जोड़ो यात्रा हुई थी। सबको मालूम ही है कि क्या हुआ। कांग्रेस अब कुछ भी कर ले डूबती हुई नैय्या है, देश की जनता का विश्वास खो चुके हैं। छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर BJP जीतेगी। (Nyay Yatra in Chhattisgarh)

पहले अपने पार्टी में न्याय लागू करे राहुल गांधी: किरण देव

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के आते ही राहुल गांधी कोई न कोई यात्रा निकाल लेते हैं। किरण देव ने कहा कि न्याय यात्रा से पहले राहुल गांधी को इंडी गठबंधन और अपनी पार्टी में न्याय लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को स्थापित करते-करते थक चुकी है। राहुल गांधी की यात्रा का कोई भी उद्देश्य नहीं है। केंद्र में मोदी सरकार की अगुवाई में देश विकास की ओर अग्रसर है। किरण देव ने कहा BJP ने जितने भी वादे किए थे उन्हें पूरा किया। देश में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से लेकर इकोनॉमी स्तर पर देश पांचवे से चौथे स्थान की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसी भी प्रदेश से बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए हैं। (Nyay Yatra in Chhattisgarh)

Related Articles

Back to top button