हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर बहुभाषी विरासत का अनूठा संगम, नारायणी बहुभाषी संग्रहालय ने प्रदर्शित किए 30 से अधिक भाषाओं के समाचार पत्र और 20 से अधिक भाषाओं की रामायण
रायपुर। हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान नारायणी बहुभाषी संग्रहालय द्वारा लगाई गई बहुभाषी प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। प्रेस क्लब रायपुर द्वारा राम मंदिर स्थित सुंदर भवन तथा “छत्तीसगढ़ मित्र” एवं कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में बैरन बाजार स्थित आशीर्वाद भवन में आयोजित कार्यक्रमों में संग्रहालय ने 30 से अधिक भाषाओं के समाचार पत्रों और 20 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित रामायण की प्रदर्शनी लगाकर भारतीय भाषाई और सांस्कृतिक विविधता की झलक प्रस्तुत की।

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ी, संस्कृत, उर्दू, कोंकणी, कन्नड़, पंजाबी, बोडो, ओड़िया, मराठी, मलयालम, गुजराती, सिंधी, असमिया, डोगरी, नेपाली, तिब्बती, लेप्चा, शेरपा सहित अनेक भारतीय भाषाओं के समाचार पत्र प्रदर्शित किए गए। इसके साथ ही अमेरिका, नीदरलैंड, जर्मनी, थाईलैंड, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों से प्रकाशित समाचार पत्रों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया।
रामायण के वैश्विक स्वरूप ने खींचा ध्यान
प्रदर्शनी में रामायण प्रसार परिशोध प्रतिष्ठान, अंबाला द्वारा विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित वाल्मीकि रामायण के संक्षिप्त कथा-सार भी प्रदर्शित किए गए। हिन्दी, अंग्रेजी, हरियाणवी, डोगरी, नेपाली, छत्तीसगढ़ी, सिंधी, असमिया, ब्रज, स्पेनिश, मराठी, तेलुगु, पंजाबी, ओड़िया, मलयालम और अन्य भाषाओं में उपलब्ध रामायण साहित्य ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति की व्यापकता और वैश्विक स्वीकार्यता से परिचित कराया।
भाषा और पत्रकारिता के प्रति बढ़ी जिज्ञासा
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे पत्रकारों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने विभिन्न भाषाओं के समाचार पत्रों तथा रामायण के संस्करणों में विशेष रुचि दिखाई। आयोजन के माध्यम से भारतीय भाषाओं की समृद्ध परंपरा, पत्रकारिता के विकास और सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रभावी रूप से सामने आया।
“हिन्दी पत्रकारिता दिवस केवल पत्रकारिता के इतिहास को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को सम्मान देने का भी पर्व है। नारायणी बहुभाषी संग्रहालय का प्रयास है कि देश-दुनिया की विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित साहित्य, समाचार पत्र और सांस्कृतिक धरोहरों को एक मंच पर लाकर नई पीढ़ी को उनसे परिचित कराया जाए। रामायण और समाचार पत्रों की यह प्रदर्शनी भारतीय भाषाओं की समृद्धि, सांस्कृतिक एकता और ज्ञान परंपरा का प्रतीक है। हमें प्रसन्नता है कि लोगों ने इस प्रदर्शनी में गहरी रुचि दिखाई और बहुभाषी विरासत को समझने का प्रयास किया।” : ~ राजेंद्र ओझा – संयोजक, नारायणी बहुभाषी संग्रहालय, रायपुर।



