Google Analytics —— Meta Pixel

झाड़-फूंक के बहाने एक माह के मासूम का अपहरण, आरोपी महिला गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां झाड़-फूंक और बेहतर इलाज का झांसा देकर एक महिला ने एक माह के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, पहाड़ी कोरवा समुदाय का एक परिवार अपने बीमार एक माह के बच्चे का इलाज कराने जशपुर जिला अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान एक महिला ने परिवार से संपर्क किया और बच्चे के बेहतर इलाज व झाड़-फूंक कराने का भरोसा दिलाया। महिला परिवार को अपने साथ बस स्टैंड तक ले गई। वहां भोजन करने के दौरान उसने मौका पाकर मासूम बच्चे को अपने कब्जे में लिया और फरार हो गई।

घटना का पता चलते ही परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश अभियान चलाया और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिरों की मदद से आरोपी महिला की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर टीम ने बगीचा थाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अपहृत मासूम बच्चे को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने बच्चे का अपहरण किस मकसद से किया था तथा क्या इस मामले में कोई और भी शामिल है।

यह भी पढ़े :- योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Back to top button
error: Content is protected !!