ऑनलाइन फ्रॉड: फेसबुक पर झांसे में आकर रिटायर्ड अधिकारी की मेहनत की कमाई 37.50 लाख की रकम गई लूट

Cyber Crime News : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के एक सेवानिवृत्त अधिकारी से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने निवेश पर 4 प्रतिशत लाभ का झांसा देकर 37.50 लाख रुपये की रकम ठगी कर ली।
फेसबुक विज्ञापन में फंसाया पीड़ित को
रिसाली निवासी निरंजन प्रसाद ने फरवरी 2024 में फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें बैंक से अधिक रिटर्न देने का दावा किया गया था। सेवानिवृत्ति के बाद मिली राशि को निवेश करने के उद्देश्य से उन्होंने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
यह भी पढ़े :- Naxal Encounter : एनकाउंटर में ढेर हुआ 1.1 करोड़ का इनामी नक्सल कमांडर गणेश उइके
ठगों ने फोन पर खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर हर महीने 4 प्रतिशत लाभ देने का भरोसा दिलाया। शुरू में कुछ महीनों तक छोटी रकम पर लाभांश भी भेजा गया, जिससे निरंजन प्रसाद का विश्वास और मजबूत हो गया।
पुणे, चेन्नई और बेंगलुरु के खातों में गया पैसा
भरोसे में आकर निरंजन ने अलग-अलग चरणों में कुल 37.50 लाख रुपये ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। पुलिस जांच में पता चला कि यह रकम पुणे, चेन्नई और बेंगलुरु सहित विभिन्न शहरों की फर्जी कंपनियों के खातों में गई।
चार महीने बाद खुला राज
लगभग चार महीने बाद अचानक लाभांश मिलना बंद हो गया। जब निरंजन ने संबंधित नंबरों पर संपर्क किया तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने नेवई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। (Cyber Crime News)
साइबर सेल जांच में जुटी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को सौंपा है। जांच के तहत अब ठगों के फर्जी खातों और मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। (Cyber Crime News)



