Google Analytics —— Meta Pixel

ऑपरेशन साइबर शील्ड का बड़ा वार: करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले 6 अंतर्राज्यीय ठग धराए

Operation Cyber ​​Shield : रायपुर रेंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड (Operation Cyber ​​Shield) के तहत शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले 6 अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों के खिलाफ देशभर के 115 थाना और साइबर सेल में पहले से शिकायतें दर्ज हैं।

यह भी पढ़े :- आवास-पर्यावरण विभाग की दो साल की उपलब्धियां गिनाईं मंत्री ओपी चौधरी ने, कहा….

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 40 लाख की ठगी

खमारडीह थाना क्षेत्र में विरल कुमार पटेल से शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 40 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जांच में मुख्य आरोपी विपुल पाटने (निवासी बांद्रा, मुंबई) की पहचान हुई, जो वारदात के बाद नागपुर में छिपा हुआ था। आरोपी फर्जी कंपनी यूनिक इंटरप्राइजेज के नाम से बैंक खाते खोलकर ठगी की रकम प्राप्त करता था। उसके खातों से जुड़े मामलों में देश के 69 थानों में शिकायतें दर्ज हैं।

30 लाख की ठगी, छिंदवाड़ा से आरोपी गिरफ्तार

पंडरी थाना क्षेत्र में अंचित कुमार सिन्हा से 30 लाख रुपये की ठगी के मामले में शोएब अख्तर (निवासी छिंदवाड़ा, मप्र) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी एस.एस. फ्रूट नाम की फर्जी कंपनी के माध्यम से बैंक खाते संचालित कर धोखाधड़ी करता था। उसके खिलाफ 16 साइबर मामलों की पुष्टि हुई है।

46 लाख की ठगी, इंदौर से दो आरोपी दबोचे

आमानाका थाना क्षेत्र में राहुल कुमार से 46 लाख रुपये की ठगी के मामले में पूनमचंद वर्मा और कल्लू मंसूरी (दोनों निवासी इंदौर) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खातों से जुड़े 26 थानों में मामले दर्ज पाए गए हैं। पूछताछ में अन्य सहयोगियों की जानकारी भी सामने आई है।

ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 15 लाख की ठगी

तेलीबांधा थाना क्षेत्र में केयूरी मजीथीया से ऑनलाइन जॉब का लालच देकर 15 लाख रुपये ठगने वाले सुहैल अहमद (निवासी पन्ना, मप्र) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ केरल में भी प्रकरण दर्ज है।

12 लाख की ठगी, पंजाब तक फैला नेटवर्क

उरला थाना क्षेत्र में खेमचंद पटेल से शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर 12 लाख रुपये की ठगी करने वाले जयंत अहिरवार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी शिकायत दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. जयंत अहिरवार (23 वर्ष) – सीहोर, मध्यप्रदेश
  2. सुहैल अहमद (31 वर्ष) – पन्ना, मध्यप्रदेश
  3. विपुल पाटने (28 वर्ष) – बांद्रा, मुंबई (हाल नागपुर)
  4. पूनमचंद वर्मा (54 वर्ष) – इंदौर, मध्यप्रदेश
  5. कल्लू मंसूरी (46 वर्ष) – इंदौर, मध्यप्रदेश
  6. शोएब अख्तर (27 वर्ष) – छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। (Operation Cyber ​​Shield)

Back to top button
error: Content is protected !!