Google Analytics —— Meta Pixel

रायगढ़ में फिर पकड़ी गई अफीम की अवैध खेती, 17 दिन में पांचवां मामला, हिरासत में चार लोग

Opium Cultivation Again in Raigarh: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में अफीम की अवैध खेती के लगातार सामने आ रहे मामलों ने शासन-प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इस बीच रायगढ़ के लैलूंगा थाना क्षेत्र के घटगांव में एक बार फिर अफीम की खेती का खुलासा हुआ है, जहां पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है। करीब 50 डिसमिल जमीन पर अफीम की फसल उगाई जा रही थी, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। धर्मजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि यह खेती साधराम नागवंशी के खेत में की जा रही थी। मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

यह भी पढ़ें:- नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ बड़े बदलाव, आम लोगों की जेब पर असर

जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए अफीम की फसल को जलाने का भी प्रयास किया था। वहीं घटगांव में तीन अलग-अलग जगहों पर अफीम की खेती मिलने की बात सामने आई है, जिससे इस अवैध कारोबार के नेटवर्क की आशंका बढ़ गई है। इस पूरे मामले का खुलासा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने सोशल मीडिया के माध्यम से किया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। इससे तीन दिन पहले ही रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में भी अफीम की खेती पकड़ी गई थी। जांच में सामने आया था कि झारखंड का मार्शल सांगा पिछले 10-12 सालों से इस क्षेत्र में खेती कर रहा था। उसने स्थानीय किसान से जमीन लेकर तरबूज और ककड़ी की आड़ में अफीम की खेती शुरू की थी।

17 दिनों में पांचवां मामला

प्रदेश में पिछले 17 दिनों के भीतर अफीम की अवैध खेती के पांच बड़े मामले सामने आ चुके हैं। 7 मार्च को दुर्ग जिले के समोदा क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की टीम ने करीब 7.88 करोड़ रुपए की अफीम की फसल जब्त की थी, जो एक खेत में अवैध रूप से उगाई जा रही थी। 10 मार्च को बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में 3.67 एकड़ जमीन पर फैली अफीम की अवैध खेती का खुलासा हुआ, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। 12 मार्च को बलरामपुर के कोरंधा क्षेत्र में ढाई एकड़ जमीन पर अफीम की खेती पाई गई, जो तीन अलग-अलग किसानों की जमीन पर की जा रही थी, जिससे संगठित नेटवर्क की आशंका बढ़ी। (Opium Cultivation Again in Raigarh)

Afim Kheti in Raigarh

20 मार्च को रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक के आमाघाट क्षेत्र में करीब डेढ़ एकड़ में फैली अफीम की अवैध फसल बरामद की गई, जिसमें बाहरी राज्य के लोगों की संलिप्तता सामने आई। पूरे मामले में 60,326 अफीम पौधे यानी 2,877 किलो अफीम और 3 किलो तैयार अफीम जब्त की गई थी, जिसकी कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है। मामले में दो आरोपी इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। 23 मार्च को रायगढ़ के लैलूंगा क्षेत्र के घटगांव में करीब 50 डिसमिल जमीन पर अफीम की खेती पकड़ी गई, जहां पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की। लगातार सामने आ रही अफीम की खेती को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो गई है। 

PCC चीफ दीपक बैज ने सरकार को घेरा

PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरे प्रदेश को नशे का गढ़ बनाने का काम कर रही है। छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार गली-गली में शराब बिक रहा है। युवा नशे की चपेट में है। गांजा बिक रहा है। उसके बाद अफीम की खेती, यह बहुत चिंता का विषय है। निश्चित रूप से कही ना कही सरकार के सरक्षण में अफीम की खेती की जा रही है। हम सरकार से सीधा सवाल पूछते हैं कि अफीम की खेती का मुख्य सरगना कौन है ? किसके ईसारे पर अफीम की खेती की जा रही है। जनता की जागरुकता की वजह से इसका खुलासा हो रहा है। अफीम की खेती पूरे प्रदेश में जाल की तरह फैला हुआ है। जनता की सूचना और जागरुकता की वजह से ये खेती सामने आ रही है। ये सरकार की नाकामी है और सरकार बताए कौन कर रहा है अफीम की खेती ? इसका सरगना कौन है ? (Opium Cultivation Again in Raigarh)

नशे के सौदागर नहीं बख्शे जाएंगे: CM साय

इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने कहा कि नशे के सौदागर नहीं बख्शे जाएंगे। लगातार आरोपियों पर सख्ती से कार्रवाई हो रही हैं। छत्तीसगढ़ के तीन जिलों दुर्ग, बलरामपुर और रायगढ़ में लगातार अफीम की खेती के मामले सामने आने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। खासतौर पर यह चिंताजनक है कि कई मामलों में प्रशासन को पहले से इसकी जानकारी नहीं थी। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लगातार सामने आ रहे अफीम की अवैध खेती के मामलों ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में इसका नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। ऐसे में अब सवाल यह है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर हो रही इस अवैध गतिविधि की भनक प्रशासन को पहले क्यों नहीं लग पाई। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और दावा कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क का जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!