नक्सल संगठन की क्रूर बंदिशें, शादी की इजाजत, लेकिन संतान पर रोक, सरेंडर के बाद गूंजी किलकारी

Story of Surrendered Naxalites:बस्तर के घने जंगलों में एक समय ऐसा भी था, जब लाल आतंक के साए में इंसानी जज्बात तक कैद थे। नक्सल संगठन में प्यार करने और शादी की इजाजत तो थी, लेकिन संतान पैदा करना सख्त मना था। संगठन के नियम इतने कठोर थे कि शादी से पहले जबरन नसबंदी कराना अनिवार्य किया जाता था। आज हालात बदल रहे हैं। आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे पूर्व नक्सली अब न सिर्फ सामान्य जीवन जी रहे हैं, बल्कि माता-पिता बनने का सपना भी पूरा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- रायगढ़ में फिर पकड़ी गई अफीम की अवैध खेती, 17 दिन में पांचवां मामला, हिरासत में चार लोग
दिनेश कड़ती कभी नक्सल संगठन में डिप्टी कमांडर था। साल 2005 में उसने बंदूक थामी और करीब 12 साल तक जंगलों में सक्रिय रहा। इसी दौरान उसकी मुलाकात मीना बाई से हुई और दोनों के बीच प्यार पनपा, लेकिन इस रिश्ते की कीमत भारी थी। संगठन ने साफ शर्त रखी-पहले नसबंदी, फिर शादी। महाराष्ट्र के एक अस्पताल में दोनों की नसबंदी करवाई गई। शादी तो हो गई, लेकिन माता-पिता बनने का सपना वहीं खत्म हो गया। साल 2017 में दिनेश ने हिम्मत दिखाते हुए दंतेवाड़ा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद सरकार की पुनर्वास योजना के तहत उसकी नसबंदी रिवर्सल सर्जरी कराई गई। आज दिनेश के घर में 6 साल के बेटे की किलकारी गूंज रही है, जो उसके लिए एक नई जिंदगी की शुरुआत है।
बंदिशों से बगावत, फिर नई शुरुआत
प्रदीप कुंजाम की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। वह अपनी पत्नी के साथ करीब 12 साल तक नक्सल संगठन का हिस्सा रहा। साल 2016 में संगठन ने उनकी शादी करवाई, लेकिन यहां भी वही शर्त लागू हुई-नसबंदी। इस अमानवीय नियम से तंग आकर प्रदीप ने 2020 में आत्मसमर्पण कर दिया। 2022 में सरकारी मदद से नसबंदी खुलवाया गया। आज प्रदीप एक 6 महीने की बेटी का पिता है। वह और उसकी पत्नी अब DRG में शामिल होकर उन्हीं नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा संभाल रहे हैं, जिनके लिए कभी हथियार उठाए थे। प्रदीप कहते हैं कि अपने ही साथियों के खिलाफ लड़ना आसान नहीं, लेकिन अब समझ आ गया है कि वो रास्ता गलत था। लोकतंत्र ही सही रास्ता है। (Story of Surrendered Naxalites)
56 पुनर्वासित नक्सलियों का नसबंदी रिवर्सल
आत्मसमर्पण के बाद सरकार की पुनर्वास नीति इन पूर्व नक्सलियों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है। अब तक 56 पुनर्वासित नक्सलियों का नसबंदी रिवर्सल ऑपरेशन किया जा चुका है। इनमें से 23 दंपतियों के घर बच्चों का जन्म हो चुका है। कई अन्य पूर्व नक्सलियों ने भी नसबंदी खुलवाने के लिए आवेदन दिया है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन मिलकर इन सभी को सामान्य जीवन में वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। बस्तर IG सुंदरराज पी के मुताबिक मुख्यधारा में लौटने के बाद आत्मसमर्पित नक्सलियों का जीवन तेजी से सामान्य हो रहा है। संगठन में रहते हुए उन्हें कई अमानवीय बंदिशों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सरकार की मदद से वे न सिर्फ सामान्य जीवन जी रहे हैं, बल्कि परिवार बसाने का सपना भी पूरा कर पा रहे हैं।
बच्चों की सुनाई दे रही किलकारी
बस्तर के जंगलों में कभी जो बंदूकें गूंजती थी, वहां अब बच्चों की किलकारी सुनाई दे रही है। ये कहानियां सिर्फ दो लोगों की नहीं, बल्कि उस बदलाव की मिसाल हैं, जहां डर और बंदिशों की जगह अब उम्मीद और आजादी ने ले ली है। मुख्यधारा में लौटे ये लोग अब यह साबित कर रहे हैं कि सही रास्ता चुनने में कभी देर नहीं होती। बस्तर के जंगलों में कभी खामोश कर दिए गए सपने आज फिर सांस ले रहे हैं। नसबंदी की जबरन बंदिशों से गुजर चुके ये चेहरे आज अपने बच्चों की मुस्कान में भविष्य देख रहे हैं। ये सिर्फ आत्मसमर्पण की कहानी नहीं, बल्कि ये वापसी है-इंसानियत की, परिवार की और एक बेहतर जिंदगी की। (Story of Surrendered Naxalites)



