छत्तीसगढ़ में कोचिए और बिचौलिए हुए सक्रिय, अलग-अलग जिले से 700 क्विंटल से ज्यादा अवैध धान जब्त

Paddy Procurement Action: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच कोचिए और बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं, जिसे लेकर धमतरी में कलेक्टर नम्रता गांधी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य विभाग और कृषि उपज मंडल के अधिकारियों की संयुक्त टीम अवैध धान भंडारण समेत परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 15 नवंबर को ब्लॉक स्तरीय उड़नदस्ता दल नगरी की ओर से रोशन ट्रेडर्स बोराई, दीपके ट्रेडर्स बोराई, आयुष्मान ट्रेडिंग कंपनी, भंसाली ट्रेडर्स और बाबूलाल चम्पालाल जैन बोराई के प्रतिष्ठान में आकस्मिक जांच की गई। इस दौरान रोशन ट्रेडर्स बोराई में 160 क्विंटल, दीपके ट्रेडर्स बोराई में 108 क्विंटल, आयुष्मान ट्रेडिंग कंपनी धमतरी में 75 क्विंटल, भंसाली ट्रेडर्स में 115 क्विंटल और बाबूलाल चम्पालाल जैन ग्राम बोराई के दुकान में 60 क्विंटल अवैध धान का भंडारण पाया गया।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी जारी, अब तक 46 हजार 967 किसानों ने बेचा धान, 31 जनवरी 2025 तक रहेगा जारी
संयुक्त टीम ने चारों फर्म संचालकों के खिलाफ मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर कुल 518 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि उड़नदस्ता दल लगातार अवैध धान के भंडारण, परिवहन पर कार्रवाई कर रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने विशेष निगरानी दलों और उड़नदस्तों का गठन किया है। खाद्य और मंडी विभाग के संयुक्त दल ने स्टॉक से ज्यादा अवैध भंडारण होने पर 3 गोदामों से कुल 190 क्विंटल धान जब्त किया है, जिनके खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया की जय मां काली ट्रेडिंग कंपनी पेंड्रा के गोदाम में स्टॉक अभिलेख से ज्यादा अवैध रूप से भंडारित 90 क्विंटल, निलेश एंड कंपनी और साक्षी ट्रेडर्स गौरेला के गोदाम से 50-50 क्विंटल धान जब्त किया गया है। (Paddy Procurement Action)
जशपुर में 300 बोरी अवैध धान जब्त
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने भी टास्क फोर्स का गठन किया है। साथ ही धान खरीदी अवधि तक जिले में अन्य राज्यों से अवैध धान के आवक को रोकने के लिए 21 चेक पोस्ट पर तीन पालियों में अधिकारी और कर्मचारियों की डयूटी लगाए हैं। इसी कड़ी में अवैध रूप से भंडारित धान के खिलाफ सन्ना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। ग्रामीणों से अवैध धान भंडारण की सूचना पर सन्ना तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक, आरआई और पटवारी की संयुक्त टीम ने नीलेश कुमार गुप्ता के घर में 300 बोरी अवैध धान जब्त किया है। 300 बोरी धान के संबंध में नीलेश कुमार गुप्ता ने कोई भी दस्तावेज पेश नहीं किया, जिसके बाद धान को जब्त कर लिया गया है। (Paddy Procurement Action)




