छत्तीसगढ़ में 86.42 लाख मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी, सारंगढ़ में 444 क्विंटल अवैध धान जब्त

Paddy Purchase in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला 14 नवंबर से जारी है। वहीं धान खरीदी व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। राज्य में अब तक लगभग 86.42 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में 17.50 लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 19 हजार 415 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी तक चलेगी। धान खरीदी के साथ-साथ मिलर्स की ओर से धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। धान उठाव के लिए 58.35 लाख मीट्रिक टन धान के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध अब तक 32.57 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें:- ग्रीन GDP के लिए पारिस्थितिकी तंत्र का मूल्यांकन शुरू करने वाला छत्तीसगढ़ बना देश का पहला राज्य, पढ़ें पूरी खबर
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल है। इस साल 2739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 31 दिसंबर को 63 हजार 831 किसानों से 2.87 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की गई है। इसके लिए 84 हजार 702 से ज्यादा टोकन जारी किए गए थे। 1 जनवरी के लिए 74 हजार 761 टोकन जारी किए गए हैं। (Paddy Purchase in Chhattisgarh)

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मंडी अधिनियम के तहत अवैध भंडारण और परिवहन की रोकथाम के लिए कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू के दिए गए निर्देश पर एसडीएम प्रखर चंद्राकर बरमकेला विकासखंड के दौरे पर रहे। बरमकेला के कालाखूंटा में राजस्व और मंडी की संयुक्त टीम ने कालाखूंटा गांव के रहने वाले अमरविलास पटेल के गोदाम का निरीक्षण किया। गोदाम में अवैध रूप से रखे गए धान 1110 बोरी वजन 444 क्विंटल और 42 बोरी महुआ को जब्त किया गया। अवैध रूप से भंडारण पाए जाने के कारण एसडीएम की उपस्थिति में मंडी बोर्ड के संयुक्त जांच दल के अधिकारियों ने जब्ती की कार्रवाई की। जांच दल में मंडी सचिव चेतन जायसवाल और मंडी उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद नंदे, मोहन साहू नायब तहसीलदार, बसंत कुमार नायक वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शामिल थे। (Paddy Purchase in Chhattisgarh)



