छत्तीसगढ़ के पंडी राम मंडावी समेत 68 हस्तियों को मिला पद्म पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

Padma Award 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में दूसरे फेज के तहत 68 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ से पंडी राम मंडावी को कला-काष्ठ शिल्प के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। वहीं न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जगदीश सिंह खेहर को सार्वजनिक मामलों के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म विभूषण सम्मान मिला।
यह भी पढ़ें:- Vishnudev Sai education policy : छत्तीसगढ़ में 10,463 स्कूलों का युक्तियुक्तकरण: गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर ऐतिहासिक कदम
राम मंदिर आंदोलन में शामिल रहीं साध्वी ऋतंभरा को कार्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। वहीं साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए बिबेक देबरॉय को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया है। उनकी पत्नी ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। बिबेक देबरॉय एक अर्थशास्त्री थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और वे उल्लेखनीय कार्यों के लेखक भी हैं। डॉ. शोभना चंद्रकुमार को कला-लोक नृत्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्म भूषण सम्मान प्राप्त हुआ। (Padma Award 2025)

वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कला-लोक संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया। उनके बेटे ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। कुमुदिनी रजनीकांत लाखिया को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मरणोपरांत पद्म विभूषण प्रदान किया गया। उनके पोते ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए अजय वी. भट्ट को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्मश्री से सम्मानित किया गया। अजय वी. भट्ट एक भारतीय-अमेरिकी कंप्यूटर आर्किटेक्ट हैं, जिनके नाम USB समेत कई व्यापक रूप से इस्तेमाल की जाने वाली तकनीकें हैं। (Padma Award 2025)

ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज को कला-संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री पुरस्कार दिया। बता दें कि इससे पहले 28 अप्रैल को पहले चरण की अवॉर्ड सेरेमनी में 71 हस्तियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। इनमें 4 पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्मश्री पुरस्कार दिए गए थे। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस से पहले 2025 के लिए 139 पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया था। शारदा सिन्हा, ओसामु सुजुकी समेत 13 हस्तियों को मरणोपरांत पुरस्कार के लिए चुना गया। 19 हस्तियों को पद्म भूषण, और 113 हस्तियों को पद्मश्री के लिए चुना गया है। पद्म पुरस्कार विजेताओं में 23 महिलाएं हैं, जिनमें 10 विदेशी/NRI/PIO/OCI कैटेगरी के लोग भी शामिल हैं। (Padma Award 2025)




