Pahalgam Terror Attack Update: पहलगाम में आतंकी हमला: सऊदी अरब का दौरा बीच में ही छोड़ दिल्ली लौटे PM मोदी, अब तक 26 पर्यटकों की मौत, कई घायल
Pahalgam Terror Attack Update: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे, जिसमें दो विदेशी नागरिक (नेपाल और यूएई) और एक आईबी अधिकारी व एक नेवी लेफ्टिनेंट शामिल हैं। वही कई घायल बताये जा रहे है। हमला बैसरन घाटी में दोपहर 2:30 बजे हुआ, जहां आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने जिम्मेदारी ली, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को लश्कर-ए-तैयबा के शामिल होने का शक है।
आतंकी हमले के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब का दो दिवसीय दौरा बीच में छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया। उन्होंने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, लेकिन आधिकारिक रात्रिभोज में हिस्सा नहीं लिया। पीएम मंगलवार रात जेद्दा से रवाना हुए और आज बुधवार सुबह दिल्ली पहुंचें। भारत लौटते ही कैबिनेट सुरक्षा समिति (CCS) की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय होगी। (Pahalgam Terror Attack Update)
पहलगाम हमले पर रूस के राष्ट्रपति ने जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. पुतिन ने कहा ‘इस क्रूर अपराध का कोई औचित्य नहीं है. हम उम्मीद करते हैं कि इसको अंजाम देने वाले अपराधियों को उचित सजा मिलेगी. मैं आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने में भारतीय भागीदारों के साथ सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराना चाहूंगा।
पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले से बहुत दुखी हूं- नेतन्याहू
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की है. उन्होंने एक सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा’ मेरे प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी, मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले से बहुत दुखी हूं, जिसमें दर्जनों निर्दोष लोग मारे गए और घायल हुए. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं. आतंकवाद के खिलाफ़ लड़ाई में इजराइल भारत के साथ खड़ा है।
पहलगाम आतंकवादी हमले की UAE ने की निंदा
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की संयुक्त अरब अमीरात ने निंदा की है. UAE ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करके सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने के मकसद से हिंसा और आतंकवाद के सभी रूपों को स्थायी रूप से अस्वीकार करते हैं।
CM साय बोले – सुरक्षाबल के जवान इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायर आतंकियों ने हमला किया है। पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में रायपुर के श्री दिनेश मिरानिया जी के निधन की भी दुःखद खबर है। दुःख की इस घड़ी में हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। अधिकारियों को हर संभव सहयोग करने के निर्देश दिये गये हैं। आतंकियों द्वारा किए गए इस कृत्य की जितनी निंदा की जाए, कम है।
ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!




