ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आया पाकिस्तानी मंत्री, SCO फोरम में लिया हिस्सा, बोले- बातचीत से बेहतर होंगे रिश्ते

Pakistan Minister India Visit: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री पहली बार भारत पहुंचा है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। वे यहां आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यतागत संवाद फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भारत और पाकिस्तान समेत क्षेत्र के सभी देशों के बीच रिश्ते बेहतर होने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि संस्कृति की भूमिका सिर्फ दो देशों के बीच नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। एक-दूसरे के विचारों और रहन-सहन को समझे बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है। भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को इस फोरम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, लेकिन पाकिस्तान ने उनकी जगह जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया।
यह भी पढे़ं:- देशभर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एयर कार्गो से लेकर समुद्री रास्तों तक फैला तस्करी का नेटवर्क
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल फोरम के अलग-अलग विषयों पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेगा। साथ ही SCO के दूसरे सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग बातचीत भी करेगा। मुसादिक मलिक की यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है। बिलावल भुट्टो SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने भारत आए थे। ऐसे में ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा को दोनों देशों के बीच संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। भारत ने SCO सभ्यतागत संवाद फोरम के लिए कुल 25 देशों को निमंत्रण भेजा था, जिनमें से 15 देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की थी। चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका समेत कई देशों को आमंत्रित किया गया था।
2001 में हुई थी SCO की स्थापना
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर कहा था कि भारत और पाकिस्तान की संस्कृति-सभ्यता का विकास साथ-साथ हुआ है। 1947 में विभाजन के बाद दोनों देश अलग जरूर हो गए, लेकिन उनकी साझा विरासत में अंतर नहीं आया। भारत चाहता है कि SCO सिर्फ राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर बातचीत का भी मंच बने। 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के पुराना किला में आयोजित इस फोरम में विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला और वास्तुकला, भाषा और साहित्य-धार्मिक और दार्शनिक परंपराओं जैसे चार प्रमुख विषयों पर चर्चा हो रही है। (Pakistan Minister India Visit)

SCO का उद्देश्य सदस्य देशों की साझा सभ्यतागत विरासत को सामने लाना और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना है। शंघाई सहयोग संगठन की शुरुआत 1996 में शंघाई फाइव के रूप में हुई थी। इसमें चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान शामिल थे। 15 जून 2001 को उज्बेकिस्तान के शामिल होने के बाद SCO की स्थापना हुई। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके पूर्ण सदस्य बने। इसके बाद 2023 में ईरान और 2024 में बेलारूस संगठन के पूर्ण सदस्य बने। वर्तमान में SCO के 10 पूर्ण सदस्य देश हैं। संगठन का मुख्य उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आपसी विश्वास, अच्छे पड़ोसी संबंध, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना है। (Pakistan Minister India Visit)



