Google Analytics —— Meta Pixel

‘सोना खरीदना कम कर दो…’ PM मोदी की अपील का असर! बोले- देश का पैसा बचा, एक साल और सोना न खरीदें

लखनऊ के कौशल दीक्षांत समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी ने एक साल और सोना खरीदने से बचने की अपील की। ITI छात्रों को IIT जैसा सम्मान देने, कौशल विकास और रोजगार पर भी बड़ी बातें कहीं।

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सोने की खरीदारी को लेकर एक बार फिर संयम बरतने की अपील की है। लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में उन्होंने कहा कि एक साल पहले उन्होंने लोगों से आग्रह किया था कि बहुत जरूरी न हो तो सोना खरीदने से बचें। देशवासियों ने उनकी अपील को गंभीरता से लिया और सोने की खरीदारी कम की। पीएम ने कहा कि लोगों ने उनसे यह भी कहा कि उनकी सलाह मानने से पैसे बच गए। उन्होंने अगले एक साल तक भी सोना खरीदने से बचने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आह्वान पर देशवासियों ने एक समय का भोजन छोड़ने में सहयोग किया था, उसी तरह आज भी देश के लोग राष्ट्रीय हित में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इसे देश की एकजुटता और नागरिकों के सहयोग की भावना का उदाहरण बताया।

ITI के विद्यार्थियों को भी IIT जैसा सम्मान

कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ITI में पढ़ने वाले युवाओं को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, जितना भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT) में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मिलता है।

उन्होंने कहा कि उनके लिए IIT और ITI दोनों के विद्यार्थी देश की असली संपत्ति और भविष्य की ताकत हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। देश को केवल डिग्रीधारी युवाओं की नहीं, बल्कि हुनरमंद और तकनीकी रूप से दक्ष कार्यबल की भी जरूरत है।

‘जिसके पास हुनर है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता’

प्रधानमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोजगार को लेकर कहा कि तकनीक के बदलते दौर में कौशल का महत्व और बढ़ गया है। नई शिक्षा नीति (NEP) में भी कौशल विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि जिसके पास हुनर है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता।

पीएम मोदी ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद देश में 5,000 नए ITI स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में बने मोबाइल फोन आज दुनिया के बाजारों तक पहुंच रहे हैं। भारतीय युवाओं के तकनीकी कौशल की मांग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही है। सऊदी अरब सहित कई देशों में भारतीय कुशल कामगारों की क्षमता की सराहना की जा रही है।

लखनऊ की चिकनकारी का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी और भारत की पारंपरिक कौशल व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन समय से ही कौशल और कारीगरी को विशेष महत्व दिया जाता रहा है। देश की पारंपरिक हस्तकला और निर्माण क्षमता भारतीय अर्थव्यवस्था की ताकत रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी आक्रांताओं और अंग्रेजी शासन के दौरान भारत की पारंपरिक कारीगरी और कौशल आधारित व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया गया। अंग्रेजों ने भारत के पारंपरिक उद्योगों को कमजोर कर अपने देश के उद्योगों और विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा दिया।

2027 में ग्रेटर नोएडा में होगी वर्ल्ड स्किल एशिया प्रतियोगिता

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की स्किल कैपिटल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में वर्ष 2027 में वर्ल्ड स्किल एशिया प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इससे भारतीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कुशल कामगारों की मांग बढ़ रही है और भारत के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

सपा पर निशाना, योगी सरकार की कानून व्यवस्था की तारीफ

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी का नाम लेते हुए कहा कि प्रदेश के लोग पहले की कानून व्यवस्था को नहीं भूले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता रहती थी।

पीएम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

CM योगी बोले- 17 लाख से ज्यादा युवाओं को मिला प्रशिक्षण

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा आबादी वाला प्रदेश है। प्रदेश के युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जबकि 7 लाख से ज्यादा युवाओं का कैंपस प्लेसमेंट हुआ है। वर्ष 2026 में 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें 3 हजार से ज्यादा दिव्यांग युवा भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए प्रशिक्षित और कुशल मानव संसाधन बेहद जरूरी है। स्किल इंडिया के माध्यम से तैयार हो रही युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बनेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!