IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, प्रधानमंत्री मोदी ने दिया विकसित भारत का मंत्र, बोले- 2047 तक देश के विकास में अहम होगी युवाओं की भूमिका

PM in IIT Kharagpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में संस्थान की 75 सालों की गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए इसे भारत के तकनीकी और वैज्ञानिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर का इतिहास सिर्फ एक शिक्षण संस्थान की उपलब्धियों का इतिहास नहीं है, बल्कि यह भारत के बदलते दौर, उसकी आकांक्षाओं और आत्मनिर्भरता की यात्रा का भी प्रतीक है। बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया तक हुए बदलावों में इस संस्थान ने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और संस्थान के पूर्व छात्रों को 75 साल पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दशक भारत के लिए निर्णायक होंगे और आज के विद्यार्थियों को 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार रहना चाहिए। इस दौरान उन्होंने गरीबी उन्मूलन, सेमीकंडक्टर मिशन, अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी और देश की वैज्ञानिक क्षमताओं का विस्तार जैसे मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
यह भी पढ़ें:- ‘सोना खरीदना कम कर दो…’ PM मोदी की अपील का असर! बोले- देश का पैसा बचा, एक साल और सोना न खरीदें
प्रधानमंत्री ने कहा कि IIT खड़गपुर की स्थापना ऐसे समय हुई थी, जब भारत को आजादी मिले कुछ ही साल हुए थे और देश में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस समय भारत को उद्योगों और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बड़ी संख्या में इंजीनियरों की जरूरत थी। देश की जरूरतों को देखते हुए इस संस्थान ने तकनीकी शिक्षा और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे भारत की वैज्ञानिक क्षमताएं बढ़ीं, IIT खड़गपुर के स्नातकों ने अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। इसके बाद सूचना प्रौद्योगिकी का दौर आया तो यहां से निकले युवाओं ने देश के सॉफ्टवेयर उद्योग को मजबूत किया और दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों के नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर दौर में इस संस्थान ने राष्ट्र निर्माण में अपना दायित्व निभाया है। अब विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में भी IIT खड़गपुर का अनुभव और यहां के युवाओं की प्रतिभा महत्वपूर्ण साबित होगी। (PM in IIT Kharagpur)
स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने IIT खड़गपुर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि जिस स्थान पर आज यह प्रतिष्ठित संस्थान खड़ा है, वहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उन्होंने कहा कि उस समय यहां बंद स्वतंत्रता सेनानी देश की आजादी और भारत के भविष्य को लेकर विचार करते होंगे। मोदी ने कहा कि दशकों पहले इसी धरती ने उन भारतीयों का साहस और अदम्य उत्साह देखा था, जो अपना शासन चाहते थे और भारत को ऊंचाइयों पर देखना चाहते थे। आज उसी स्थान पर ऐसे युवा तैयार हो रहे हैं, जिनके नवाचार और नए विचार भारत को आत्मनिर्भर बनाने की ताकत बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय यहां स्वशासन यानी Self-Rule की आकांक्षा थी और आज आत्मनिर्भरता यानी Self-Reliance का संकल्प दिखाई दे रहा है। पहले आजादी का सपना था और अब देश के भविष्य को बनाने का अवसर है। आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का यह सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है। प्रधानमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति या राष्ट्र की वास्तविक क्षमता इस बात से तय होती है कि वह कितनी चुनौतियों का सामना करने का साहस रखता है। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपनी सोच की सीमाएं खुद तय कर लेते हैं और यह मान लेते हैं कि कुछ काम संभव नहीं हैं।

PM मोदी ने इसे Limiting Beliefs यानी सीमित सोच बताते हुए कहा कि इसका मतलब अपने सपनों, अपनी प्रतिभा और अपने देश की क्षमताओं को सीमित कर देना है। जब लोग पहले ही यह मान लेते हैं कि कोई काम नहीं हो सकता, तो वे प्रयास करने से भी पीछे हट जाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र भी अपनी वास्तविक क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यही करके दिखाया है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को संदेश दिया कि वे अपनी सोच का दायरा बढ़ाएं और असंभव दिखाई देने वाले लक्ष्यों को हासिल करने का प्रयास करें। प्रधानमंत्री ने गरीबी उन्मूलन का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय देश में गरीबी को स्थायी समस्या मान लिया गया था। दशकों तक गरीबी हटाने के नारे दिए गए, लेकिन नीतियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपेक्षित प्रयास नहीं हुए। उन्होंने कहा कि उस समय व्यवस्था में यह सोच बनी हुई थी कि देश की बड़ी आबादी के कारण गरीबी को दूर करना संभव नहीं है। PM मोदी ने कहा कि जब उनकी सरकार आई तो उन्होंने गरीबों की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता दी। लाल किले से शौचालय निर्माण की बात करने पर भी कई लोगों ने सवाल उठाए थे, लेकिन सरकार ने इसे गरीबों और महिलाओं के सम्मान तथा सुविधा से जोड़कर देखा।
सेमीकंडक्टर मिशन पर उठे सवालों का किया जिक्र
उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में सरकार ने गरीबों को सशक्त बनाने और उनकी जीवनशैली को बेहतर करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत में पिछले 12 से 13 सालों के दौरान 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने इसे सोच में आए बदलाव और गरीबों को सशक्त बनाने की नीतियों का परिणाम बताया। प्रधानमंत्री ने भारत के सेमीकंडक्टर मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि जब इस मिशन की शुरुआत की गई, तब कई लोगों ने इसकी जरूरत पर सवाल उठाए थे। उनका तर्क था कि दुनिया के कई देश दशकों से सेमीकंडक्टर बना रहे हैं, ऐसे में भारत को इस क्षेत्र में प्रवेश करने की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि करीब 50 साल पहले एक विदेशी कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए आई थी, लेकिन उस समय उसे वापस भेज दिया गया था। प्रधानमंत्री ने इसके लिए तत्कालीन राजनीतिक सोच और विरोध को जिम्मेदार बताया। PM मोदी ने कहा कि बाद में जब सेमीकंडक्टर मिशन शुरू किया गया, तब भी यह कहा गया कि भारत ने इस क्षेत्र में आने में बहुत देर कर दी है। लेकिन सरकार ने इन सवालों के बावजूद काम शुरू किया और अधिकारियों के साथ मिलकर योजना तैयार की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले चार सालों में देश में कई सेमीकंडक्टर सुविधाओं की शुरुआत हुई है और भारत चिप्स का निर्यात भी करने लगा है। उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर के पूर्व छात्र भी इन सुविधाओं के संचालन, नेतृत्व और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में भारत में चिप से लेकर शिप तक के निर्माण में बड़े अवसर पैदा होंगे। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए तैयार रहना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष क्षेत्र में हुए बदलावों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले इसरो के माध्यम से ही देश के अंतरिक्ष कार्यक्रमों में भागीदारी के अवसर सीमित थे। निजी क्षेत्र और युवा नवाचारियों के लिए इस क्षेत्र में प्रवेश करना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र को देश के युवाओं और निजी कंपनियों के लिए खोलने का निर्णय लिया। इसका परिणाम है कि आज कई भारतीय स्पेस स्टार्टअप देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई गति दे रहे हैं। प्रधानमंत्री ने IIT खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने स्काईरूट एयरोस्पेस की स्थापना कर भारत के पहले निजी रॉकेट लॉन्च की उपलब्धि हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पहले जो काम असंभव दिखाई देते थे, वे आज हकीकत बन रहे हैं। (PM in IIT Kharagpur)
2047 तक युवाओं के सामने होंगे नेतृत्व के बड़े अवसर: PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि IIT खड़गपुर के पूर्व छात्रों ने इन बदलावों में बड़ा योगदान दिया है। देश को उम्मीद है कि संस्थान से निकलने वाले नए युवा भी विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। प्रधानमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले दो दशक उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और उत्पादक वर्षों में शामिल होंगे। साल 2047 तक आज के कई विद्यार्थी देश और दुनिया में नेतृत्व की जिम्मेदारियों पर होंगे। उन्होंने कहा कि यही समय भारत के विकास के लिहाज से भी सबसे निर्णायक होगा। इसलिए युवाओं की हर सफलता देश के लिए महत्वपूर्ण होगी। उन्हें लगातार यह विचार करना चाहिए कि देश के सामने ऐसी कौन-सी चुनौती है, जिसका समाधान निकालने में वे अपना योगदान दे सकते हैं। मोदी ने युवाओं को Nation First यानी राष्ट्र प्रथम का मंत्र देते हुए कहा कि जब वे इस सोच के साथ आगे बढ़ेंगे, तो इससे उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी नए अवसर मिलेंगे और देश को भी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को सिर्फ अपने करियर और व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने ज्ञान और प्रतिभा का इस्तेमाल देश की समस्याओं के समाधान के लिए भी करना चाहिए। (PM in IIT Kharagpur)
IIT खड़गपुर का शताब्दी समारोह विकसित भारत में मनाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने संस्थान के 75 साल पूरे होने पर भविष्य का लक्ष्य भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर ने पिछले 75 सालों में शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन अब संस्थान को अगले 25 सालों के लिए एक बड़ा संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब IIT खड़गपुर अपना 100वां स्थापना दिवस मनाए, तब तक भारत विकसित राष्ट्र बन चुका होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि जिस धरती पर कभी आजादी हासिल करने का संकल्प लिया गया था, उसी धरती से अब विकसित भारत बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अगले दो दशकों तक पूरी मेहनत और समर्पण के साथ देश के विकास के लिए काम करें। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन का समापन स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश के साथ किया। उन्होंने कहा कि उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। PM मोदी ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश के युवा बड़े सपने देखेंगे, अपनी क्षमताओं पर भरोसा करेंगे और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करेंगे। उन्होंने IIT खड़गपुर के विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और पूर्व छात्रों को प्लेटिनम जुबली समारोह की शुभकामनाएं देते हुए उनसे विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।



