Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी, आज ही होंगे मतदान

Panchayat Election in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान जारी है। सभी 33 जिलों के 53 ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के लिए बैलेट पेपर से मतदान हो रहे हैं। बस्तर संभाग में दोपहर 2 बजे तक वोट डाले जाएंगे। जबकि बाकी जगहों पर दोपहर 3 बजे तक वोटिंग होगी। वोटिंग खत्म होने के बाद आज ही मतगणना होगी, जिसके परिणाम आज ही घोषित कर दिए जाएंगे। संवेदनशील इलाकों या विवाद की स्थिति में अगले दिन मतगणना होगी।

यह भी पढ़ें:- Rajim Kumbh Kalp Mela 2025 : राजिम कुंभ कल्प मेला की भव्यता और व्यवस्थाओं की हो रही सराहना

प्रदेश में 4 पदों के लिए मतदान हो रहे हैं, जिसमें वार्ड के पंच, ग्राम पंचायत के सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य शामिल है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पदों के अनुसार मतपत्र का रंग निर्धारित है। पंच का मतपत्र सफेद, सरपंच का नीला, जनपद सदस्य का पीला और जिला पंचायत सदस्य का मतपत्र गुलाबी रंग का है।​​​​​​​ पंचायत चुनाव में पहले चरण के लिए 9 हजार 873 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं तीनों चरण के लिए कुल 31 हजार 41 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7 हजार 128 संवेदनशील और 2 हजार 161 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र हैं। (Panchayat Election in Chhattisgarh)

तीनों चरणों में इतने पदों के लिए चुनाव

  • जिला पंचायत सदस्य – 433 पद
  • जनपद पंचायत सदस्य – 2 हजार 973 पद
  • ग्राम पंचायत सरपंच – 11 हजार 671 पद
  • वार्ड पंच – 1 लाख 60 हजार 161
  • कुल पद – 1 लाख 75 हजार 258

CM विष्णुदेव साय ने की अपील

पहले चरण में पंच पद के लिए 60 हजार 203, सरपंच पद के लिए 14 हजार 646, जनपद पंचायत सदस्य के लिए 4 हजार 587 और जिला पंचायत सदस्य के लिए 702 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता भाइयों-बहनों को जय जोहार-नमस्कार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 के अंतर्गत पहले चरण में आज प्रदेश के 53 विकासखंडों में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए वोट डाले जाएंगे। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए, PM मोदी की गारंटी के सभी वादों के समुचित लाभ के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करें, उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं। (Panchayat Election in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!