
Delhi New CM Oath: भारतीय जनता पार्टी ने 26 साल बाद दिल्ली में 48 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है। ऐसे में नए मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए 19 फरवरी को विधायक दल की बैठक होगी। वहीं 20 को नए CM का शपथ समारोह होगा। शपथ ग्रहण समारोह ग्रैंड हो सकता है, जिसमें 1 लाख से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पूरी कैबिनेट और पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे। साथ ही भाजपा और NDA शासित 21 राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी CM भी शिरकत करेंगे। हालांकि ANI ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 18 फरवरी को रामलीला मैदान में हो सकता है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान जारी, आज ही होंगे मतदान
बता दें कि भाजपा अपने मुख्यमंत्री के नाम को लेकर हमेशा चौंकाती आई है। ऐसे में दिल्ली में 6 विधायकों के नाम मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे हैं। जानकारी के मुताबिक पार्टी ने 48 विधायकों में से 15 के नाम चुने हैं, जिनमें से 9 नाम शॉर्टलिस्ट किए हैं। उन्हीं 9 नामों में CM, कैबिनेट मंत्री और स्पीकर के नाम तय किए जाएंगे। दिल्ली मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 7 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में चर्चा है कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों से एक-एक भाजपा विधायक को चुना जाएगा। बिहार और पंजाब चुनाव के अलावा जातिगत समीकरणों को भी ध्यान में रखा जाएगा। (Delhi New CM Oath)
मुख्यमंत्री पद के 6 प्रमुख दावेदार
प्रवेश वर्मा
प्रवेश नई दिल्ली सीट से विधायक हैं, जिन्होंने अरविंद केजरीवाल को हराया है। उनकी इस जीत ने उन्हें मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में खड़ा कर दिया है। वे भाजपा में एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। उनके पिता भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
विजेंद्र गुप्ता
विजेंद्र दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे हैं। उनकी पार्टी में लंबी सेवा और अनुभव उन्हें इस पद के लिए मजबूत और योग्य उम्मीदवार बनाता है। (Delhi New CM Oath)
सतीश उपाध्याय
सतीश दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं और दिल्ली युवा विंग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे दिल्ली में भाजपा के लिए रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे हैं। साथ ही वे पार्टी में एक मजबूत दावेदार माने जाते हैं।
आशीष सूद
सूद को दिल्ली में भाजपा के पंजाबी चेहरे के रूप में देखा जाता है। वे पार्टी में एक नए और जोशीले नेता के रूप में सामने आए हैं, जिनकी पहचान पार्टी के कार्यकर्ताओं और पंजाबी समुदाय में खास है।
जितेंद्र महाजन
जितेंद्र ने पार्टी के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनकी मेहनत और प्रतिबद्धता पार्टी में उन्हें एक अहम नेता बनाती है।
रेखा गुप्ता
अगर पार्टी किसी महिला चेहरे को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लेती है तो रेखा का नाम सबसे आगे है। वे दिल्ली की पूर्व मेयर और पहली बार विधायक बनी है। रेखा गुप्ता का नाम महिला नेतृत्व के तौर पर उभर रहा है।
21 राज्यों में BJP और NDA की सरकार
देश के केंद्र शासित प्रदेशों समेत 21 राज्यों में भाजपा और NDA की सरकार है। इसके साथ ही भाजपा 2018 की स्थिति में वापस आ गई है। दरअसल, तब देश में भाजपा या NDA की सरकार 21 राज्यों तक पहुंच थी। जबकि दिल्ली में दो बार 60 से ज्यादा सीटें जीतने वाली AAP इस बार 22 सीटों पर सिमट गई है। वहीं कांग्रेस को लगातार तीसरे चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली। नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद 8 राज्यों में हुए चुनावों में से 5 में भाजपा और NDA ने सरकार बनाई है। इसमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, हरियाणा और महाराष्ट्र शामिल हैं। जबकि जम्मू-कश्मीर और झारखंड में विपक्षी पार्टियों की सरकार है। (Delhi New CM Oath)