Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाले अंतरराष्ट्रीय कलाकार की जिंदगी बदहाल, इलाज के लिए दर-दर भटक रहे मिलाप दास

Panthi Artist Milap Das: जिस कलाकार ने विदेशों तक छत्तीसगढ़ के पंथी नृत्य की पहचान बनाई, आज वही कलाकार इलाज के लिए मदद का मोहताज है। करीब 2100 मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले अंतरराष्ट्रीय पंथी कलाकार मिलाप दास बंजारे आज जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। बीमारी के चलते उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा है और अब चलना-फिरना भी उनके लिए मुश्किल हो गया है। लंबे समय से इलाज और मदद के लिए भटक रहे मिलाप दास ने अब सरकार से सहायता की गुहार लगाई है। दुर्ग जिले के जरवाय गांव के रहने वाले मिलाप दास बंजारे ने अपनी कला के जरिए छत्तीसगढ़ का नाम देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक पहुंचाया। उन्होंने अलग-अलग मंचों पर करीब 2100 प्रस्तुतियां दी। पंथी नृत्य को लेकर उनकी कला और प्रस्तुतियों ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

यह भी पढे़ं:- स्वास्थ्य व्यवस्था पर PCC चीफ दीपक बैज की चुनौती, मंत्री जायसवाल स्वीकारा, बोले- बस्तर या रायपुर का कोई भी अस्पताल चुन लें

मिलाप दास बंजारे साल 1987 में तत्कालीन सोवियत संघ गए थे। वहां उन्होंने करीब तीन महीने रहकर पंथी नृत्य की प्रस्तुतियां दी। इस दौरान उन्होंने ताशकंद, मॉस्को और साइबेरिया समेत अलग-अलग जगहों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया और विदेशी मंचों पर छत्तीसगढ़ी पंथी नृत्य की छाप छोड़ी। विदेश से लौटने के बाद भी उनकी कला का सफर जारी रहा। देश के अलग-अलग हिस्सों में उन्होंने अनेक मंचों पर प्रस्तुतियां दी। उनकी कला और योगदान को कई स्तरों पर सम्मान भी मिला। दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ। मिलाप दास बंजारे के कला क्षेत्र में योगदान को देखते हुए साल 2022 में छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें स्वर्गीय देवदास बंजारे की स्मृति में छत्तीसगढ़ राज्य नृत्य अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित किया था। एक समय ऐसा था, जब मंच पर उनकी प्रस्तुति के बाद तालियों की गूंज सुनाई देती थी। सम्मान मिलता था और उनकी कला को देखने के लिए दर्शक जुटते थे, लेकिन आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं।

बीमारी ने छीना एक पैर, जिंदगी हुई मुश्किल

बीमारी के चलते मिलाप दास बंजारे को अपना एक पैर गंवाना पड़ा। पैर गंवाने के बाद उनके सामने रोजमर्रा की जिंदगी की चुनौतियां बढ़ गई हैं। चलने-फिरने में परेशानी के साथ ही इलाज का खर्च भी परिवार के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। मिलाप दास का कहना है कि वह लंबे समय से इलाज के लिए परेशान हैं और एम्स में इलाज कराने के लिए भी भटकना पड़ रहा है। आर्थिक और शारीरिक परेशानियों के बीच उन्होंने मदद की उम्मीद जताई है। इस दौरान अपनी स्थिति बताते हुए मिलाप दास भावुक भी हो गए, जिस कलाकार ने अपनी कला के जरिए सालों तक लोगों का मनोरंजन किया और छत्तीसगढ़ की संस्कृति को मंच दिया, आज वही कलाकार अपनी जिंदगी के कठिन दौर में सहारे की तलाश कर रहा है। मिलाप दास बंजारे की कहानी में एक तरफ उनकी कला जीवन की उपलब्धियां हैं। करीब 2100 प्रस्तुतियों के जरिए उन्होंने छत्तीसगढ़ के पंथी नृत्य को देश-दुनिया के मंचों तक पहुंचाया। विदेशों में अपनी कला का प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित भी हुए। साल 2022 में छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें राज्य नृत्य अलंकरण पुरस्कार से भी नवाजा, लेकिन आज तस्वीर बिल्कुल अलग है। (Panthi Artist Milap Das)

दूसरी तरफ बीमारी के चलते उन्हें अपना एक पैर गंवाना पड़ा है। चलने-फिरने में परेशानी है, इलाज के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है और आर्थिक मुश्किलों के बीच अब उन्हें मदद का इंतजार है। यानी जिस कलाकार ने अपनी पूरी जिंदगी छत्तीसगढ़ की लोक कला और संस्कृति को समर्पित कर दी, आज वही कलाकार अपने इलाज और आगे की जिंदगी के लिए सहारे की तलाश में है। परिवार का कहना है कि मिलाप दास के इलाज और उनकी मौजूदा स्थिति को देखते हुए उन्हें मदद की जरूरत है। परिवार की अपील है कि सरकार और समाज उनके लिए आगे आए और इलाज समेत जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए। अब सवाल यह है कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले इस अंतरराष्ट्रीय कलाकार की बदहाल जिंदगी की सुध कौन लेगा? क्या सरकार और समाज मिलकर मिलाप दास बंजारे के लिए मदद का हाथ बढ़ाएंगे ? मिलाप दास बंजारे ने भी मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है। उन्हें उम्मीद है कि जिस प्रदेश की संस्कृति को उन्होंने दुनिया के अलग-अलग मंचों तक पहुंचाया, वही प्रदेश मुश्किल की इस घड़ी में उनका साथ देगा।

Back to top button
error: Content is protected !!