Google Analytics —— Meta Pixel

NEET पेपर लीक विवाद, आंदोलन, इस्तीफा और अब सख्त कानून, जानिए कैसे बदली केंद्र सरकार की रणनीति ?

Paper Leak Law Reform: देश के सबसे बड़े छात्र आंदोलनों में शामिल हो चुके NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद ने आखिरकार केंद्र सरकार को परीक्षा कानून में व्यापक बदलाव करने के लिए मजबूर कर दिया। लगभग डेढ़ महीने तक चले छात्र आंदोलन, संसद में लगातार विपक्ष के हंगामे, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप के बाद अब सरकार नया संशोधन कानून लेकर आई है। यह पूरा घटनाक्रम सिर्फ एक परीक्षा का विवाद नहीं रहा, बल्कि देश की परीक्षा प्रणाली, भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के भविष्य पर राष्ट्रीय बहस बन गया।

यह भी पढ़ें:- पेपर लीक पर मोदी सरकार का सबसे बड़ा दांव, संसद में आज आएगा सख्त संशोधन बिल, 10 करोड़ तक जुर्माने का प्रावधान

कैसे शुरू हुआ विवाद ?

3 मई 2026 को देशभर में NEET-UG परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें लगभग 20 लाख छात्र शामिल हुए। कुछ ही दिनों बाद पेपर लीक के आरोप सामने आए। जांच बढ़ी तो सरकार और NTA ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया। यहीं से देशभर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। 16 मई को अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी नाम से अभियान शुरू किया। शुरुआत में इसे व्यंग्य अभियान माना गया, लेकिन कुछ ही दिनों में हजारों छात्र इससे जुड़ते चले गए। 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहला बड़ा प्रदर्शन हुआ। 20 जून को दूसरा प्रदर्शन आयोजित किया गया। 28 जून को एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक अनशन पर बैठ गए, जिससे आंदोलन को राष्ट्रीय पहचान मिली। वांगचुक के जुड़ने के बाद आंदोलन सिर्फ छात्रों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक संगठनों और कई बुद्धिजीवियों का समर्थन भी मिलने लगा। (Paper Leak Law Reform)

आंदोलन के प्रमुख चेहरे

इस आंदोलन में चार प्रमुख नाम लगातार चर्चा में रहे। अभिजीत दीपके जो कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक है, जिसने सोशल मीडिया अभियान को राष्ट्रीय छात्र आंदोलन में बदलने का श्रेय इन्हें दिया जाता है। आशुतोष रांका-IIT कानपुर और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के पूर्व छात्र है, जिन्होंने सरकार के साथ वार्ता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सौरव दास- पूर्व खोजी पत्रकार और CJP के मुख्य प्रवक्ता है, जो आंदोलन से जुड़े तथ्यों, पुलिस कार्रवाई और सरकार से बातचीत को सार्वजनिक करते रहे। सोनम वांगचुक ने शिक्षा सुधारक के रूप में उन्होंने आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया और लंबा अनशन कर सरकार पर दबाव बढ़ाया।

संसद में भी बना बड़ा मुद्दा

20 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र में विपक्ष ने लगातार इस मुद्दे को उठाया। 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठा। 21 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा।22 जुलाई को लोकसभा छह बार स्थगित करनी पड़ी। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। 23 जुलाई को प्रधानमंत्री ने वीडियो संदेश जारी कर सख्त कानून का संकेत दिया। 24 जुलाई को कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। 25 जुलाई को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। विपक्ष का कहना है कि सिर्फ कानून सख्त कर देना पर्याप्त नहीं होगा। कांग्रेस और अन्य दलों की मांग है कि परीक्षा एजेंसियों की जवाबदेही तय हो। जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। परीक्षा प्रणाली पूरी तरह डिजिटल और सुरक्षित बनाई जाए। केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाया जाए। (Paper Leak Law Reform)

अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष विधेयक पर विस्तृत चर्चा करेगा। सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि युवाओं का भविष्य किसी भी सरकार से बड़ा मुद्दा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच CBI कर रही है। महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली सहित कई राज्यों में छापेमारी की गई है। अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जल्द चार्जशीट दाखिल किए जाने की संभावना है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क कई राज्यों में सक्रिय था और इसमें परीक्षा से जुड़े कई स्तरों पर लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। नया संशोधन कानून पारित होने के बाद समयबद्ध जांच, समयबद्ध ट्रायल, विशेष अदालतें, विशेष STF, भारी आर्थिक दंड और संगठित परीक्षा माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई जैसे प्रावधान लागू होंगे। हालांकि राजनीतिक बहस अभी समाप्त नहीं हुई है। विपक्ष प्रधानमंत्री से संसद में बयान की मांग कर रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि नए कानून के बाद पेपर लीक के खिलाफ देश की सबसे कठोर कानूनी व्यवस्था लागू हो जाएगी।

सरकार के लिए मौका और चुनौती दोनों

विशेषज्ञों का मानना है कि कानून जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण उसका प्रभावी क्रियान्वयन होगा। अगर जांच समय पर पूरी होती है, दोषियों को जल्द सजा मिलती है और परीक्षा एजेंसियों की जवाबदेही तय होती है, तभी करोड़ों युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा पूरी तरह बहाल हो सकेगा। NEET-UG 2026 विवाद ने यह स्पष्ट कर दिया कि पेपर लीक अब सिर्फ परीक्षा में गड़बड़ी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और सरकार की जवाबदेही से जुड़ा राष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है। अब सभी की नजर संसद में पेश किए गए संशोधन विधेयक और उसके लागू होने के बाद होने वाली कार्रवाई पर रहेगी। अगर सरकार समयबद्ध जांच, फास्ट-ट्रैक ट्रायल और संगठित परीक्षा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के अपने वादे को जमीन पर उतारने में सफल होती है तो यह देश की परीक्षा प्रणाली में सबसे बड़ा सुधार साबित हो सकता है, लेकिन अगर कानून सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया तो छात्रों का भरोसा दोबारा जीतना सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!