कांकेर में मलेरिया का कहर, 10 दिन में 3 बच्चों की मौत, सरकारी छात्रावासों में संक्रमण का विस्फोट

Malaria in Kanker: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में एक बार फिर मलेरिया ने भयावह रूप ले लिया है। कांकेर जिले में महज 10 दिनों के भीतर तीन स्कूली बच्चों की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था और ‘मलेरिया मुक्त बस्तर’ अभियान की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले दो दिनों में सरकारी छात्रावासों में रहने वाले दो मासूम छात्रों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 छात्र मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में हैं और प्रभावित छात्रावासों और गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। कांकेर जिले के मर्दापोटी और इरादाह छात्रावासों में मलेरिया संक्रमण तेजी से फैलने के बाद 11 छात्र संक्रमित मिले हैं। इनमें मर्दापोटी आश्रम के चौथी कक्षा के छात्र सुभाष कुमेटी (9 साल) की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
यह भी पढे़ं:- NEET पेपर लीक विवाद, आंदोलन, इस्तीफा और अब सख्त कानून, जानिए कैसे बदली केंद्र सरकार की रणनीति ?
जानकारी के मुताबिक छात्रावास में कई बच्चों को तेज बुखार और सिरदर्द की शिकायत हुई थी। जांच में चार छात्र मलेरिया पॉजिटिव मिले। सुभाष की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले अस्पताल ले जाने के बजाय गांव में झाड़-फूंक कराने ले गए। हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।इससे पहले डोमाहर्रा गांव की रहने वाली करीना विश्वकर्मा (9 साल) की भी मलेरिया के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई। करीना अपनी दो सगी बहनों के साथ तेज बुखार की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती हुई थी। उसकी दोनों बहनों का इलाज अभी जारी है।इन दो मौतों के साथ कांकेर जिले में पिछले 10 दिनों के भीतर मलेरिया से मरने वाले बच्चों की संख्या तीन हो गई है। (Malaria in Kanker)
22 जुलाई तक सामान्य, 24 जुलाई के बाद बिगड़े हालात
आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त जया मनु ने बताया कि 22 जुलाई को सभी छात्रावासों में स्वास्थ्य जांच कराई गई थी और उस समय कोई भी बच्चा मलेरिया संक्रमित नहीं मिला था, लेकिन 24 जुलाई के बाद अचानक संक्रमण के मामले तेजी से सामने आने लगे, जिससे स्वास्थ्य विभाग भी हैरान है। मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.सी. ठाकुर ने कहा कि जिले में अचानक मलेरिया का आउटब्रेक सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार छात्रावासों, गांवों और प्रभावित इलाकों में जाकर जांच कर रही हैं। संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है और सभी छात्रावासों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। मर्दापोटी आश्रम में हुई जांच के दौरान कई बच्चों की हालत चिंताजनक पाई गई।
गंभीर मरीजों को किया गया रायपुर रेफर
गंभीर रूप से संक्रमित छात्रों में तामेश्वर भास्कर (7 साल) और विक्रम मंडावी (8 साल) शामिल हैं, जिनको बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। जबकि नवीन कुमेटी का इलाज एमसीएच अस्पताल, अलबेलापारा में जारी है। लगातार मौतों के बाद जिला स्वास्थ्य अधिकारी और आदिम जाति कल्याण विभाग की टीम ने छात्रावास पहुंचकर दोबारा सभी बच्चों की जांच कराई। कांकेर की घटनाएं उस समय सामने आई हैं, जब पूरे बस्तर संभाग में जनवरी 2026 से अब तक मलेरिया के 8,426 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा 7,021 मरीज पी. फाल्सीपेरम से संक्रमित पाए गए, जिसे मलेरिया का सबसे घातक प्रकार माना जाता है। इसके अलावा 1,168 मरीज पी. विवैक्स से संक्रमित मिले, जबकि 254 मरीजों में मिक्स मलेरिया यानी एक साथ दो प्रकार के परजीवियों के संक्रमण की पुष्टि हुई। विशेषज्ञों के मुताबिक पी. फाल्सीपेरम और मिक्स मलेरिया समय पर इलाज नहीं मिलने पर जानलेवा साबित हो सकते हैं।
जनवरी 2026 से अब तक की स्थिति
| जिला | मरीज |
|---|---|
| बीजापुर | 3173 |
| सुकमा | 1686 |
| दंतेवाड़ा | 1344 |
| नारायणपुर | 896 |
| बस्तर | 809 |
| कोंडागांव | 329 |
| कांकेर | 189 |
‘मलेरिया मुक्त बस्तर’ अभियान पर सवाल
एक ओर सरकार बस्तर को मलेरिया मुक्त बनाने के लिए अभियान का 14वां चरण चला रही है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्थिति चिंताजनक नजर आ रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पिछले दो सालों से मेडिकेटेड मच्छरदानियों का वितरण ही नहीं किया गया। पहले हर साल औसतन 17 लाख मेडिकेटेड मच्छरदानियां बस्तर संभाग में बांटी जाती थी। तीन-तीन साल के रोटेशन के बावजूद हर साल किसी न किसी जिले को नई मच्छरदानियां मिल जाती थी, लेकिन 2024 से अब तक एक भी मेडिकेटेड मच्छरदानी का वितरण नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक केंद्र सरकार से बजट मंजूर हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक मच्छरदानियों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।
अब तक सर्वे पूरा नहीं
स्थिति यह है कि मानसून के साथ शुरू होने वाला मलेरिया सीजन अपने चरम पर पहुंच चुका है, लेकिन अब तक यह सर्वे भी पूरा नहीं हुआ कि किन गांवों में कितनी मच्छरदानियों की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया कंसल्टेंट एन. चिन्मय दास का कहना है कि इस साल सीजीएमएससी के माध्यम से खरीद की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अब टेंडर शुरू भी होता है, तब भी खरीद और वितरण में तीन से चार महीने लग जाएंगे। यानी इस पूरे मलेरिया सीजन में भी लोगों को मेडिकेटेड मच्छरदानी मिलने की संभावना बेहद कम है। दंतेवाड़ा के जिला मलेरिया अधिकारी देश दीपक का कहना है कि मलेरिया किसी भी रूप में खतरनाक होता है। विशेष रूप से मिक्स मलेरिया गंभीर चुनौती है। हालांकि राहत की बात यह है कि पिछले सालों की तुलना में मरीजों की संख्या धीरे-धीरे कम हो रही है।
मलेरिया क्या है ?
मलेरिया मच्छरों के जरिए फैलने वाला परजीवी जनित रोग है। इसका कोई सार्वभौमिक टीका आम उपयोग के लिए उपलब्ध नहीं है। इससे बचाव और समय पर इलाज ही सबसे प्रभावी उपाय हैं। इलाज में एंटी-मलेरिया दवाओं के साथ बुखार नियंत्रित करने वाली दवाएं दी जाती हैं। मलेरिया के शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल बुखार जैसे दिखाई दे सकते हैं, लेकिन समय रहते इलाज नहीं मिलने पर यह गंभीर रूप ले सकता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना और कंपकंपी, अत्यधिक पसीना आना, सिरदर्द, मतली और उल्टी, पेट दर्द, दस्त, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द और एनीमिया शामिल हैं। संक्रमण गंभीर होने पर मरीज बेहोशी या कोमा में जा सकता है और कुछ मामलों में मल में खून आने जैसी गंभीर स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराकर चिकित्सकीय इलाज शुरू करना आवश्यक है।
मलेरिया से होने वाली गंभीर जटिलताएं
बचाव ही सबसे बड़ा हथियार
- मेडिकेटेड मच्छरदानी का उपयोग करें।
- पूरी बांह के कपड़े पहनें।
- घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
- खिड़की-दरवाजों पर जाली लगाएं।
- मच्छर भगाने वाली क्रीम का प्रयोग करें।
- शाम के समय मच्छरों से बचाव रखें।
- आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।
क्या तैयारी पर्याप्त थी ?
कांकेर में लगातार हो रही बच्चों की मौतें सिर्फ एक स्वास्थ्य संकट नहीं, बल्कि व्यवस्थागत खामियों की ओर भी इशारा करती हैं। छात्रावासों में नियमित स्वास्थ्य जांच के बावजूद कुछ ही दिनों में संक्रमण का अचानक विस्फोट, दो सालों से मेडिकेटेड मच्छरदानियों का वितरण न होना, खरीद प्रक्रिया में देरी और इलाज में विलंब जैसे कई सवाल अब प्रशासन के सामने खड़े हैं। स्वास्थ्य विभाग फिलहाल इसे अचानक मलेरिया आउटब्रेक बता रहा है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते रोकथाम के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया तो मानसून के बचे महीनों में बस्तर संभाग में मलेरिया का खतरा और बढ़ सकता है। एक ओर केंद्र और राज्य सरकार नक्सलवाद खत्म होने का दावा कर रही है और क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखने की बात कही जा रही है, लेकिन दूसरी ओर मलेरिया जैसी रोकी जा सकने वाली बीमारी मासूम बच्चों की जान ले रही है। ऐसे में सवाल यह है कि जब बस्तर नक्सलवाद के साये से बाहर निकलने की ओर बढ़ रहा है, तब क्या अब स्वास्थ्य सेवाओं, समय पर रोकथाम और बुनियादी सुविधाओं को उतनी ही प्राथमिकता मिलेगी ?



