कवर्धा के परसवारा ग्राम पंचायत में लोकतंत्र का उड़ा मजाक, 6 महिला पंच के पतियों को दिलाई गई शपथ

Paraswara Panchayat of Kawardha: कवर्धा जिले के पंडरिया ब्लॉक के परसवारा ग्राम पंचायत में लोकतंत्र का मजाक उड़ा है, जहां पंचायत सचिव की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दरअसल, नवनिर्वाचित सरपंच और पंच के शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें उन्होंने 6 महिला पंचों की जगह पर उनके पतियों को शपथ दिला दी। यह घटना महिला सशक्तिकरण को ठेंगा दिखा रहा है। जिन महिला पंचों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए चयनित किया गया था, वे अपने अधिकारों से वंचित रह गईं।
यह भी पढ़ें:- हमारे प्राइवेट सेक्टर को दुनिया से एक कदम आगे रहने की जरूरत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
जानकारी के मुताबिक महिला पंचों को शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया ही नहीं गया था। जबकि उनकी जगह उनके पतियों को शपथ दिलवा दी गई। यह मामला स्थानीय प्रशासन और पंचायत व्यवस्था की गंभीर अव्यवस्था को उजागर कर रहा है। महिला पंचों का यह अधिकार था कि वे खुद शपथ लें और अपने पंचायत के विकास में सक्रिय भागीदार बनें, लेकिन उन्हें यह अवसर दिया ही नहीं गया। यह न सिर्फ उनके अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि इससे समाज में महिलाओं की भूमिका को भी कमजोर करने की कोशिश की गई है। (Paraswara Panchayat of Kawardha)
जिला पंचायत CEO ने दिए जांच के निर्देश
इस तरह की घटनाएं लोकतंत्र की साख को ठेस पहुंचाती है। साथ ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में अड़चन बनती है। वहीं शपथ ग्रहण का वीडियो वायरल होने के बाद जिला पंचायत CEO अजय त्रिपाठी ने जनपद CEO को जांच के निर्देश दिए हैं। मामले को लेकर ग्राम पंचायत सचिव प्रणवीर ठाकुर ने कहा कि शपथ में ग्रामीण और नए पंचायत पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। इसमें सिर्फ पुरुष पंच ही शामिल हुए थे। इस दौरान कुछ पंच पति भी आ गए। किसी पंच पति को शपथ नहीं दिलाई गई है। (Paraswara Panchayat of Kawardha)
परसवारा ग्राम पंचायत में 12 वार्ड
दरअसल, परसवारा ग्राम पंचायत में 12 वार्ड है, जिसमें 6 महिलाएं पंच निर्वाचित हुई। वार्ड क्रमांक- 2 से गायत्री बाई चंद्रवंशी पति कोमल चंद्रवंशी, वार्ड क्रमांक-3 से सरिता साहू पति राजेंद्र साहू, वार्ड क्रमांक-4 से मीराबाई पति शोभाराम चंद्रवंशी, वार्ड क्रमांक-5 से संतोषी चंद्रवंशी पति सुरेश चंद्रवंशी, वार्ड क्रमांक-7 से सरिता बाई चंद्रवंशी पति दौलत राम, वार्ड क्रमांक-12 से विद्या बाई पति चंद्र कुमार यादव शामिल हैं। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से पंचायती राज व्यवस्था में आरक्षण दिया गया है, लेकिन ज्यादातर ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधि महिलाओं के कामकाज की बागडोर पति संभाले हुए हैं, जो सुप्रीम कोर्ट के नियमों के खिलाफ है। (Paraswara Panchayat of Kawardha)



