Paris Olympics 2024 : जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर, नीरज के नाम एक और उपलब्धि
Neeraj Chopra wins silver : पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा अपना खिताब बचाने से चूक गए. पेरिस में 8 अगस्त की रात हुए जबरदस्त फाइनल में नीरज चोपड़ा गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए. नीरज ने 89.45 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल (Neeraj Chopra wins silver) अपने नाम किया और इतिहास रच दिया।
इस तरह वो दो ओलंपिक मेडल जीतने वाले भारत के सिर्फ चौथे और एथलेटिक्स में ऐसा करने वाले सिर्फ पहले एथलीट बन गए. नीरज के कड़े प्रतिद्वंद्वी अरशद नदीम ने ओलंपिक रिकॉर्ड थ्रो के साथ ओलंपिक रिकॉर्ड तोड़ा और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. अरशद ने 92.97 मीटर के जबरदस्त थ्रो के साथ गोल्ड पर अपना नाम लिखाया. वहीं ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.54 मीटर के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया.
पहले थ्रो फाउल, दूसरे में किया कमाल
हर इवेंट में अच्छी शुरुआत करने वाले नीरज को इस बार थोड़ा झटका लगा. उनका पहला ही थ्रो फाउल हो गया क्योंकि जैवलिन फेंकने के बाद अपने फॉलो-थ्रू में जब वो गिरे तो उनका दायां पैर लाइन से थोड़ा बाहर आ गया. हालांकि उनका ये थ्रो 86 मीटर से ज्यादा था लेकिन माना नहीं गया. पाकिस्तान के अरशद नदीम का पहला थ्रो भी फाउल था लेकिन अगले थ्रो में अरशद ने 92.97 मीटर के साथ ही गोल्ड मेडल तय कर लिया था. इसके साथ ही उन्होंने नया ओलंपिक रिकॉर्ड भी बना दिया. नीरज ने भी फिर अगले थ्रो में वापसी की और 89.45 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर जगह बनाई.
नीरज के नाम एक और उपलब्धि
नीरज चोपड़ा लगातार दो ओलंपिक व्यक्तिगत स्पर्धा का पदक जीतने वाले तीसरे और ट्रैक और फील्ड के पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए. उनसे पहले पहलवान सुशील कुमार (2008 और 2012) और बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू (2016 और 2021) यह कारनामा कर चुके हैं. नदीम को हांगझोउ एशियाई खेलों में नीरज से प्रतिस्पर्धा करनी थी लेकिन आखिरी मौके पर चोट के कारण उन्होंने नाम वापिस ले लिया. नीरज ने उन्हें 2018 एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में हराया था.
यह भी पढ़ें:- Hockey Olympics: भारत ने लगातार दूसरी बार हॉकी में जीता ब्रॉन्ज, स्पेन को 2-1 से हराया
इस तरह अरशद नदीम ओलंपिक में इंडिविजुअल इवेंट का गोल्ड मेडल जीतने वाले वो पहले पाकिस्तानी एथलीट बन गए. इसके साथ ही पाकिस्तान के लिए 32 साल बाद ओलंपिक मेडल जीतने में सफलता हासिल की. इससे पहले पाकिस्तान को 1992 के बार्सिलोना ओलंपिक में मेंस हॉकी में ब्रॉन्ज मेडल मिला था. साथ ही ओलंपिक में पाकिस्तान के लिए इंडिविजुअल मेडल जीतने वाले सिर्फ तीसरे एथलीट ही बने.
अरशद का दिन था
चोपड़ा ने कहा था, ‘मैं आज अपने प्रदर्शन से खुश नहीं हूं और साथ ही मेरी तकनीक और रनवे भी उतना अच्छा नहीं था. सिर्फ़ एक थ्रो, बाकी में मैंने फाउल किया. उस दूसरे थ्रो में मुझे खुद पर भरोसा था कि मैं भी इतनी दूर तक थ्रो कर सकता हूं. लेकिन जेवलिन थ्रो में अगर आपका रन-अप इतना अच्छा नहीं है, तो आप बहुत दूर तक नहीं जा सकते.
नीरज चोपड़ा ने कमर की चोट के कारण ट्रेनिंग में ज़्यादा थ्रो न करने की बात स्वीकार की. उन्होंने आगे कहा कि ‘पिछले दो, तीन साल इतने अच्छे नहीं रहे. मैं हमेशा चोटिल रहता हूं. मैंने वाकई बहुत कोशिश की, लेकिन मुझे अपनी चोट और तकनीक पर और काम करना होगा. लेकिन मैं भविष्य में और मेहनत करूंगा. आज की प्रतियोगिता वाकई शानदार थी. अरशद ने वाकई बहुत अच्छा थ्रो किया. उन्हें और उनके देश को बधाई. (Neeraj Chopra wins silver)



