Google Analytics —— Meta Pixel

क्राइम ब्रांच करेगी संसद धक्का-मुक्की केस की जांच, गिरिराज ने कहा- कानून से बड़ा कोई नहीं

Parliament Scuffle Case: दिल्ली पुलिस ने संसद परिसर धक्का-मुक्की मामले को क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया है। पुलिस ने कहा कि संसद मामले की जांच और बीजेपी-कांग्रेस की शिकायत की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। बीजेपी की शिकायत पर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ 6 धाराओं में FIR दर्ज की गई है। दरअसल, 19 दिसंबर को संसद परिसर के मकर द्वार पर INDIA और भाजपा सांसद प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के सांसद आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की हुई, जिसमें ओडिशा के बालासोर से भाजपा सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हो गए। 

यह भी पढ़ें:- कुवैत दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत

सारंगी ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया, जो आकर उनके ऊपर गिरे। सारंगी के अलावा फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को भी चोट आई थी। दोनों को RML हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था, जिनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर RML एमएस डॉ. अजय शुक्ला ने जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि हमने देखा कि सारंगी के गाल की हड्डी पर सूजन और नीलापन है, जिसकी एक्स-रे करवाई गई है, जिसमें पता चलेगा कि क्या यह कोई मामूली फ्रैक्चर है या भौं के ऊपर चोट की वजह से है। खून नीचे की ओर बह रहा है। गाल की हड्डी पर थोड़ा खून जमा हुआ है। मुकेश राजपूत को अभी भी थोड़ा चक्कर आ रहा है। वह असहज भी महसूस कर रहे हैं। हम उनकी निगरानी कर रहे हैं। (Parliament Scuffle Case)

केंद्रीय मंत्री गिरिराज ने कसा तंज

वहीं क्राइम ब्रांच जांच को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष है, लेकिन उन्होंने जो हरकत की है वो अशोभनीय हरकत हैं। कभी सांसद एक दूसरे के साथ धक्का-मुक्की नहीं करते। सबको धरना देने का अधिकार है, लेकिन इन्होंने जान-बूझकर प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत को गिराया है। वह अभी तक ICU में भर्ती हैं। मैं समझता हूं राहुल गांधी का आचरण अशोभनीय था। उन्होंने गुंडागर्दी का माहौल बनाने का काम किया। कानून से बड़ा कोई नहीं है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज ने कहा कि आज तक संसद में धरने होते थे, लेकिन दूसरे दल के लोग उनके बीच में नहीं जाते थे। जानबूझकर प्रताप सारंगी को गिराया गया। नौटंकी और अराजकता फैलाने का काम राहुल गांधी ने किया है। खड़गे जी इस उम्र में भी सत्य नहीं बोल पा रहे हैं। (Parliament Scuffle Case)

माफी नहीं मांगना अड़ियल स्वभाव: खंडेलवाल

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि दूसरे सांसदों को धक्का देना और उसके लिए माफी भी न मांगना राहुल गांधी के अड़ियल स्वभाव को दर्शाता है। वह संसदीय प्रक्रियाओं का पालन नहीं करते। हमने बार-बार देखा है कि किसने संसद की कार्यवाही में व्यवधान डालने का प्रयास किया। विपक्षी दलों ने न लोकसभा चलने दी और न ही राज्यसभा की कार्यवाही चलने दी। विपक्ष के सांसद खुद को लोकतंत्र का हिस्सा कहते हैं, लेकिन वे लोकतंत्र की मर्यादा का पालन नहीं करते। झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने क्राइम ब्रांच को जांच का जिम्मा सौंपे जाने पर कहा कि यह बहुत दुखद है। सिर्फ और सिर्फ मीडिया में प्रचार बनाने के लिए इस तरह की हरकत की जा रही है। (Parliament Scuffle Case)

CCTV फुटेज में हो जाएगा सब साफ: ठाकुर

उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज निकाल दीजिए, सब कुछ साफ हो जाएगा। जिस व्यक्ति को चोट लगी है वो खुद कह रहे हैं कि राहुल गांधी आगे खड़े थे और उन्हें किसी ने पीछे से धक्का दिया तो मामला किस पर बनता है?, जो भाजपा के लोग थे वो नेता के पीछे होंगे और उन्होंने धक्का दिया। सच तो ये है कि अमित शाह ने जो बाबा साहब अंबेडकर को अपमानित किया है, उससे ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सरकार इस मामले को ED और FBI को दे सकती है, क्योंकि वे कुछ भी कर सकते हैं, वे फर्जी मामले दर्ज करते हैं। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि मैंने अपने 45 साल के संसदीय जीवन में इस तरह सरकार द्वारा संसदीय भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना नहीं देखा। (Parliament Scuffle Case)

संसद में काला अध्याय: तिवारी

तिवारी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने संसद में यह काला अध्याय लिखा है। हफ्तों तक उन्होंने सदन नहीं चलने दिया। विपक्ष पर तो आरोप लगते ही रहे हैं, जब भाजपा विपक्ष में थी तो उस पर भी लंबे आरोप लगते रहे लेकिन सत्ता पक्ष कभी ऐसा नहीं करता। उनकी इस राजनीति को मैं छिछली और घटिया राजनीति मानता हूं। कांग्रेस नेता मल्लू रवि ने कहा कि संसद सत्र में मोदी सरकार ने कांग्रेस या INDIA गठबंधन की अन्य पार्टियों को अडानी के बारे में बोलने का कोई मौका नहीं दिया। हमने संसद में दो दिन तक सिर्फ संविधान और उसकी वैधता पर चर्चा की। संसद में अन्य लोगों को देश से जुड़े मुद्दों पर बोलने की अनुमति मिलनी चाहिए। (Parliament Scuffle Case)

कांग्रेस के खिलाफ धरना देना ओछी हरकत: मौर्य

RSSP प्रमुख स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपने पापों पर पर्दा डालने के लिए कांग्रेस के खिलाफ सदन के गेट के समाने धरना देना एक ओछी हरकत है। उन्होंने सदन की गरिमा गिराई, संसदीय परंपराओं की गरिमा गिराई। सदन के गेट पर धरना देकर विपक्ष के सांसदों को सदन में नहीं जाने देने का दुस्साहस किया। जो कुछ भी हुआ वो सबने देखा है। राहुल गांधी ने किसी को धक्का नहीं दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओ.पी. राजभर ने राज्यसभा में केंद्रीय गृहमंत्री के भाषण पर कहा कि आजादी की लड़ाई के समय से ही कांग्रेस डॉ. बाबा साहब अंबेडकर की विरोधी रही है। जब-जब बाबा साहब अंबेडकर ने पिछड़े, दलित, गरीब, शोसित, अल्पसंख्यकों की लड़ाई के लिए संघर्ष किया तो कांग्रेस के साथ ही संघर्ष हुआ। हमेशा कांग्रेस ने उनका विरोध किया। (Parliament Scuffle Case)

Back to top button
error: Content is protected !!