Google Analytics —— Meta Pixel

चुगली करने पर लगेगा 5 हजार रुपए का जुर्माना, छत्तीसगढ़ के इस जिले में ग्रामसभा का सख्त फैसला

Penalty For Gossiping: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के मेढ़की गांव में अब चुगली करना महंगा पड़ेगा। ग्राम समिति की सर्वसम्मत बैठक में फैसला लिया गया है कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सार्वजनिक या व्यक्तिगत रूप से चुगली करते पाए जाने पर 5 हजार 1 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। गांव में पहले से ही शराब बेचने और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर 10 हजार रुपए का दंड लागू है। दरअसल, जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित मेढ़की गांव में कुछ हफ्ते पहले चुगली को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। 

यह भी पढ़ें:- अंतरिम जमानत के बाद कवासी लखमा को बजट सत्र में एंट्री, शर्तों के साथ सदन पहुंचेंगे पूर्व मंत्री

चौक-चौराहों पर बैठकर की गई आपसी टिप्पणियों और एक-दूसरे के खिलाफ कही गई बातों से माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक बुलाई। बैठक में चर्चा के दौरान निष्कर्ष निकाला गया कि गांव में फैल रही चुगली आपसी मनमुटाव और विवाद की मुख्य वजह बन रही है। इसके बाद ग्रामसभा ने सख्त रुख अपनाते हुए फैसला किया कि किसी भी चौक-चौराहे, सार्वजनिक स्थल, धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रमों में किसी व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी पर पूर्ण रोक रहेगी। (Penalty For Gossiping)

5 हजार 1 रुपए का जुर्माना तय

ग्राम समिति ने प्रस्ताव पारित कर तय किया कि चुगली करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति से 5 हजार 1 रुपए का दंड वसूला जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यह फैसला गांव में शांति, सौहार्द और आपसी सामंजस्य बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। सरपंच मंजूलता परस साहू, ग्राम पटेल होरी लाल गजपाल, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी धनराज साहू और चंद्रेश हिरवानी ने बताया कि गांव का माहौल खराब न हो और भाईचारा कायम रहे, इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि कुछ लोग आपसी चुगली कर विवाद की स्थिति पैदा कर रहे थे, जिससे गांव का वातावरण प्रभावित हो रहा था।

धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों में शराब पर सख्ती

मेढ़की गांव में शराब को लेकर पहले से ही कड़े नियम लागू हैं। शराब बेचने और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाता है। ऐसे मामलों की सूचना देने वाले व्यक्ति को 1,000 रुपए प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान है। ग्रामसभा ने हालिया बैठक में यह भी तय किया कि धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शराब पीकर शामिल होने वालों पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। वसूली गई राशि गांव के जनहित और विकास कार्यों में खर्च की जाती है। ग्रामीण हर महीने बैठक कर नियमों की समीक्षा भी करते हैं। (Penalty For Gossiping)

अनुशासन ही गांव की सबसे बड़ी ताकत: ग्रामीण

इस पहल पर अपर कलेक्टर अजय किशोर ने कहा कि ग्रामीणों ने गांव की बेहतरी और शांत माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया होगा। यह ग्राम समिति का आंतरिक निर्णय है, इस पर प्रशासन की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। जहां आमतौर पर बातों के बताशे मुफ्त माने जाते हैं, वहीं मेढ़की गांव ने चुगली को दंडनीय मानते हुए उस पर आर्थिक जुर्माना तय कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि उनका आपसी अनुशासन ही गांव की सबसे बड़ी ताकत है। (Penalty For Gossiping)

Back to top button
error: Content is protected !!