CG Weather Update : भीषण गर्मी से लोग परेशान, मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में हीटवेव जैसे हालात के आसार
CG Weather Update : प्रदेश में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हवा में नमी की मौजूदगी के कारण लोग बेहाल हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई, लेकिन इससे गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने आने वाले तीन से चार दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के मध्य और उत्तर भाग में हीटवेव जैसी स्थिति बनने के आसार हैं। वहीं मई के अंतिम दिनों में केरल तक मानसून पहुंचने के बाद छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जिससे कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
बिलासपुर रहा सबसे गर्म
मंगलवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अगले चार दिनों में बढ़ेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही कई द्रोणिकाएं सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क रहने की संभावना है। (CG Weather Update)
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी और लू जैसे हालात बन सकते हैं।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार को आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। (CG Weather Update)
यह भी पढ़े :- Rashifal 20 May 2026: आज बुधवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल



