PM Aawas Yojana : मिथलेश साहू के अथक प्रयासों से गरीबों को मिला आवास
PM Aawas Yojana : रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के सरपंच संघ के युवा अध्यक्ष और ग्राम पंचायत परसदा (क) के सरपंच, मिथलेश साहू, ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Aawas Yojana) से वंचित गरीबों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनके इस प्रयास के कारण गरीब परिवारों को सरकारी आवास योजना का लाभ प्राप्त हुआ।
138 पात्र हितग्राहियों का अधिकार
मिथलेश साहू ने तिल्दा जनपद के अंतर्गत आने वाली तीन पंचायतों के 138 पात्र हितग्राहियों के अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए काम किया। इनमें ग्राम पंचायत तिल्दाडीह के 66 और ग्राम पंचायत परसदा मानपुर के 16 हितग्राही शामिल हैं। इसके अलावा, उनकी गृह ग्राम परसदा (क) के 56 गरीब परिवार भी तकनीकी त्रुटियों के कारण इस योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे थे।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच विवाद
इस समस्या के कारण ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच काफी कहा-सुनी हो रही थी। उल्लेखनीय है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में प्रधानमंत्री आवास योजना पर रोक लगा दिया गया था, जबकि भाजपा ने सरकार में आने से पहले आवास योजना (PM Aawas Yojana) को पुनः प्रारंभ करने का बड़ा वादा किया था।
अधिकारियों से संपर्क और ज्ञापन
सरपंच मिथलेश साहू ने निरंतर इस मामले में अधिकारियों और नेताओं से संपर्क किया। उन्होंने कलेक्टर, सीईओ और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पंचायत मंत्री विजय शर्मा को ज्ञापन देकर स्थिति से अवगत कराया। मंत्री विजय शर्मा ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन प्रक्रिया में एक महीने से देरी हो रही थी।
आंदोलन का निर्णय और प्रक्रिया में तेजी
अधिकारियों से बार-बार गोलमोल जवाब मिलने पर मिथलेश साहू ने हितग्राहियों के साथ मिलकर आंदोलन करने का फैसला किया। उनके इस गंभीर प्रयास के परिणामस्वरूप योजना की प्रक्रिया में तेजी आई और त्रुटियों का सुधार किया गया। जमीन की स्थिति को सटीक रूप से रिकॉर्ड करने के लिए जिओ टैगिंग प्रारंभ कर दी गई है।
मीडिया और उपमुख्यमंत्री का आभार
मिथलेश साहू ने इस उपलब्धि के लिए मीडिया के साथी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उनका यह संघर्ष गरीबों को आवास के अधिकार दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।



