21वीं सदी भारत और 140 करोड़ भारतीयों की होगी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM in Andhra Pradesh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल में करीब 13,430 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने देश की विकास यात्रा, ऊर्जा सुरक्षा और तकनीकी क्षमता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा और 21वीं सदी भारत और 140 करोड़ नागरिकों की होगी। उन्होंने देश की ऊर्जा क्रांति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है और प्रति व्यक्ति बिजली की खपत बढ़कर 1,400 यूनिट हो गई। स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा उत्पादन में भारत ने नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं।
यह भी पढ़ें:- देश का कानून उन तक पहुंच नहीं सकता, भगोड़ों के मन से यह भ्रम दूर हो रहा है: केंद्रीय गृहमंत्री शाह
PM मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में गूगल का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब स्थापित होगा, जिसमें डेटा सेंटर, बड़े पैमाने पर ऊर्जा स्रोत और फाइबर नेटवर्क शामिल हैं। नई इंटरनेशनल सबसी गेटवे परियोजना से विशाखापत्तनम को वैश्विक कनेक्टिविटी और एआई हब के रूप में विकसित किया जाएगा। रक्षा क्षेत्र में उन्नत नाइट विजन फैक्ट्री और ड्रोन हब के माध्यम से भारत की आत्मनिर्भरता और वैश्विक सुरक्षा क्षमता को बढ़ाया जा रहा है। प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना से लगभग 15 लाख घरों को गैस आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। (PM in Andhra Pradesh)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि मल्टी-मॉडल इंफ्रास्ट्रक्चर और नए हाईवे, रेल लाइनों व फ्लाईओवर परियोजनाओं से राष्ट्रीय कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का विजन देश की प्रगति का आधार है। 12 लाख रुपए तक की आय पूरी तरह से टैक्स-फ्री, सस्ती दवाएं, आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाओं से नागरिकों का जीवन सरल हुआ है। नवरात्रि से GST में कटौती और “सुपर GST – सुपर बचत” अभियान से देशवासियों को बड़ी आर्थिक राहत मिली। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित आंध्र प्रदेश के माध्यम से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। (PM in Andhra Pradesh)




