Google Analytics —— Meta Pixel

आज किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी करेंगे PM मोदी, छत्तीसगढ़ के 24.71 लाख किसानों को मिलेगा लाभ

PM Kisan Samman Scheme: PM नरेंद्र मोदी आज (13 मार्च) असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस मौके पर देशभर के करीब 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,650 करोड़ रुपए की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी, जिसका लाभ छत्तीसगढ़ के किसानों को भी मिलेगा। प्रदेश के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खातों में कुल 498.83 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की जाएगी। इनमें 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी किसान और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) के किसान भी शामिल हैं, जिन्हें योजना के तहत विशेष रूप से लाभ दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के कई जिलों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर बड़ी कार्रवाई, कई होटलों से सिलेंडर जब्त

आज पूरे देश में PM किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों और ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों, जागरूकता कार्यक्रमों और प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण आयोजित किया जाएगा। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय, जोरा से भी जनप्रतिनिधि और किसान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत दिसंबर 2018 में की गई थी। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में हर चार महीने के अंतराल पर सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। (PM Kisan Samman Scheme)

11,283 करोड़ 09 लाख रुपए से ज्यादा की राशि मिली

छत्तीसगढ़ में योजना शुरू होने से अब तक किसानों को 11,283 करोड़ 09 लाख रुपए से ज्यादा की राशि मिल चुकी है, जिससे लाखों किसान परिवारों को आर्थिक सहारा मिला है। योजना के अंतर्गत भू-अभिलेख में दर्ज एकल और संयुक्त खाता धारक किसान, वन अधिकार पट्टाधारी किसान और विशेष पिछड़ी जनजाति के किसान भी लाभ के पात्र हैं। विशेष पिछड़ी जनजाति के किसानों को लाभ देने के लिए कृषि भूमि की अनिवार्यता में भी छूट दी गई है। कृषि विभाग के मुताबिक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शी डीबीटी प्रणाली है। इसके माध्यम से राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचती है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है और किसानों को योजना का पूरा लाभ मिलता है।

सारंगढ़ के 72,843 किसानों को मिलेगा लाभ

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भी इस योजना का लाभ किसानों को मिलेगा। जिले के 72 हजार 843 पात्र किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपए की सम्मान राशि जमा होगी। जिला प्रशासन और कृषि विभाग की ओर से सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान किसानों को योजना की पात्रता, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट सामूहिक रूप से दिखाया जाएगा। सक्ती जिले में 88 हजार 23 किसानों के खातों में कुल 17.70 करोड़ रुपए की राशि भेजी जाएगी। जिला प्रशासन ने विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाने की तैयारी की है।

फार्मर ID पंजीयन के लिए विशेष अभियान

सक्ती जिले में PM किसान योजना का लाभ लगातार मिलता रहे, इसके लिए एग्रीस्टैक पोर्टल पर फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य किया गया है। जिला प्रशासन ने 12 मार्च से 31 मार्च 2026 तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार जिले में 89 हजार 140 पात्र किसान हैं, जिनमें से 21 हजार 481 किसानों की फार्मर आईडी अभी बनना बाकी है। किसानों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और लैंड सीडिंग की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि उन्हें योजना की राशि प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो। (PM Kisan Samman Scheme)

Back to top button
error: Content is protected !!