Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर बड़ी कार्रवाई, कई होटलों से सिलेंडर जब्त

Misuse of Gas Cylinders: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमों ने होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर कई जगहों से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। साथ ही घरेलू गैस की नियमित आपूर्ति और दुरुपयोग रोकने के लिए अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। गरियाबंद जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के खिलाफ खाद्य विभाग की टीम ने कई होटल और रेस्टोरेंट में छापेमार कार्रवाई की। चार प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 19 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 11 भरे हुए और 8 खाली सिलेंडर शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- PM आवास योजना में अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र समेत कई कर्मचारी बर्खास्त

जिला खाद्य अधिकारी अरविंद दुबे ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी गैस वितरकों को तेल कंपनियों के निर्देशानुसार घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों के आधार पर जांच की गई। छापेमारी के दौरान ऑथेंटिक फूड एशियन रेस्टोरेंट से 2 भरे और 4 खाली सिलेंडर, शिव फैमिली रेस्टोरेंट से 3 भरे और 2 खाली सिलेंडर, अमन फैमिली रेस्टोरेंट से 3 भरे सिलेंडर, होटल हार्मोनी एंड जायका रेस्टोरेंट से 3 भरे और 2 खाली सिलेंडर जब्त किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करना नियमों के तहत प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर राजस्व, खाद्य विभाग और नगरपालिका की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। सारंगढ़ तहसील कार्यालय के सामने स्थित फागू होटल में नाश्ता और अन्य खाद्य सामग्री बनाने में घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग पाया गया। इस पर होटल संचालक शिव पटेल से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस कार्रवाई के बाद जिले के होटल व्यवसायियों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। इसी जिले में सारंगढ़ बस स्टैंड के पास स्थित नीलम होटल और कुशलनगर स्थित इंडियन स्पाइस रेस्टोरेंट में भी घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर कार्रवाई की गई। (Misuse of Gas Cylinders)

दुरुपयोग रोकने के लिए जांच दल गठित

राजस्व और खाद्य विभाग की टीम ने यहां से 3 लाल रंग के घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। यह कार्रवाई द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश 2000 के उल्लंघन के तहत की गई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार एन. के. सिन्हा और सहायक खाद्य अधिकारी तरुण कुमार नायक मौजूद रहे। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। इन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन एलपीजी सिलेंडर की आवक, वितरण और उपयोग की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान अगर किसी होटल या व्यावसायिक प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध उपयोग पाया जाता है तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जांजगीर-चांपा में भी छापेमारी

जांजगीर-चांपा जिले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर खाद्य विभाग ने कई प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान चांपा के करणी भोजनालय, पंजाब हवेली रेस्टोरेंट, जलाराम भोजनालय और होटल सुमित इन की जांच की गई। इसके अलावा स्टेशन रोड स्थित होटल श्री गणेश में घरेलू गैस सिलेंडर से भोजन पकाते पाए जाने पर होटल संचालक राजेश तिवारी से 2 घरेलू गैस सिलेंडर, एक प्रेशर रेगुलेटर, गैस पाइप और गैस चूल्हा जब्त किया गया। इसी तरह रेलवे स्टेशन स्थित होटल सोना में भी घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कर नाश्ता बनाते पाए जाने पर होटल संचालक प्रेमलता यादव से 2 सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर, गैस पाइप और चूल्हा जब्त किया गया। इसके अलावा जांजगीर के पराठा हाउस में भी घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग के मामले में 2 गैस सिलेंडर, 2 गैस चूल्हे, 2 प्रेशर रेगुलेटर और 2 गैस पाइप जब्त किए गए।

घरेलू गैस सिलेंडरों को लेकर प्रशासन की चेतावनी

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रदेश में इस प्रकार की जांच और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे समय में घरेलू गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित रखना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। इसी कारण राज्य में एलपीजी के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो। (Misuse of Gas Cylinders)

Back to top button
error: Content is protected !!