Google Analytics —— Meta Pixel

PM नरेंद्र मोदी ने की ‘मन की बात’, कहा- भारत की सफलता से दुनिया हैरान

PM Mann Ki Baat:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 94वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को छठ की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि ये त्योहार स्वच्छता पर जोर देता है। PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश के कई हिस्सों में सूर्य उपासना का महापर्व छठ मनाया जा रहा है। छठ पर्व का हिस्सा बनने के लिए लाखों श्रद्धालु अपने गांव, अपने घर, अपने परिवार के बीच पहुंचे हैं। मेरी प्रार्थना है कि छठ मइया सबकी समृद्धि, सबके कल्याण का आशीर्वाद दें।

यह भी पढ़ें:- छठ महापर्व का तीसरा दिन, आज डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगी व्रती

उन्होंने कहा कि छठ का पर्व एक भारत-श्रेष्ठ भारत का भी उदाहरण है। आज बिहार और पूर्वांचल के लोग देश के जिस भी कोने में हैं, वहां धूमधाम से छठ का आयोजन हो रहा है। पहले गुजरात में उतनी छठ पूजा नहीं होती थी लेकिन समय के साथ आज करीब-करीब पूरे गुजरात में छठ पूजा के रंग नजर आने लगे हैं। ये देखकर मुझे भी बहुत खुशी होती है। आजकल हम देखते हैं कि विदेशों से भी छठ पूजा की कितनी भव्य तस्वीरें आती हैं। (PM Mann Ki Baat)

PM ने कहा कि सूर्य उपासना की परंपरा इस बात का प्रमाण है कि हमारी संस्कृति, हमारी आस्था का, प्रकृति से कितना गहरा जुड़ाव है। इस पूजा के जरिए हमारे जीवन में सूर्य के प्रकाश का महत्व समझाया गया है। साथ ही ये सन्देश भी दिया गया है कि उतार-चढ़ाव, जीवन का अभिन्न हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सूर्य देव का ये वरदान है – ‘सौर ऊर्जा’। सोलर एनर्जी आज एक ऐसा विषय है जिसमें पूरी दुनिया अपना भविष्य देख रही है और भारत के लिए तो सूर्य देव सदियों से उपासना ही नहीं जीवन पद्धति के भी केंद्र में रह रहे हैं। (PM Mann Ki Baat)

मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पेस सेक्टर में भारत की उपलब्धियों को सराहा। उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत को क्रायोजैनिक टेक्नोलॉजी देने से मना कर दिया गया था। लेकिन भारत ने खुद काम किया और आज अपनी तकनीक से ही सैटेलाइट लॉन्च कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि छात्रों की शक्ति के आधार पर ही भारत शक्तिशाली बन रहा है। ये आज के युवा ही हैं जो भविष्य में भारत को नई ऊंचाइयों पर लेकर गए। उन्होंने कहा कि कहा कि भारत की सफलता से आज दुनिया हैरान है। हमने स्पेस के सेक्टर में नई उपलब्धियां हासिल की हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!