Google Analytics —— Meta Pixel

फिलीपींस से भारत लौटे PM मोदी, भारत मंडपम में मंत्रिपरिषद की बैठक, कल FICCI सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन

PM Modi Delhi Return: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की दो दिवसीय मनीला यात्रा पूरी करने के बाद दिल्ली लौट आए हैं। मनीला में उन्होंने 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और क्वाड नेताओं की बैठक में हिस्सा लिया। इस यात्रा के दौरान भारत ने दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रणनीतिक, आर्थिक, समुद्री, तकनीकी और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में कई अहम पहल की घोषणा की। दिल्ली वापसी के बाद प्रधानमंत्री भारत मंडपम पहुंचे, जहां उन्होंने मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 और 17 नवंबर 2026 को फिलीपींस की राजधानी मनीला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और क्वाड नेताओं की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इन बैठकों में क्षेत्रीय सहयोग, समुद्री सुरक्षा, साइबर अपराध, आर्थिक साझेदारी और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

यह भी पढे़ं:- ईरान के राक्षस के नाम पर चक्रवात, अकवान से छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में खतरा, जानिए कहां कितना असर ?

यात्रा के दौरान भारत ने आसियान और पूर्वी एशिया के देशों के साथ सहयोग को नई दिशा देने के लिए कई समझौतों, संयुक्त वक्तव्यों और नई पहलों की घोषणा की। इनका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता, सुरक्षा और साझा विकास को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री की मनीला यात्रा के दौरान तीन महत्वपूर्ण दस्तावेज जारी किए गए। इनमें आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग से संबंधित आसियान-भारत संयुक्त वक्तव्य, ऑनलाइन घोटालों और संबंधित अपराधों के खिलाफ सहयोग मजबूत करने वाला पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के नेताओं का वक्तव्य और ‘अपने भविष्य की राह पर एक साथ आगे बढ़ना-स्थिरता और नवीनीकरण’ विषय पर पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन का घोषणा-पत्र शामिल है। इन दस्तावेजों के जरिए प्राकृतिक आपदाओं से निपटने, ऑनलाइन धोखाधड़ी पर लगाम लगाने और क्षेत्रीय देशों के बीच साझा रणनीति विकसित करने पर जोर दिया गया है। (PM Modi Delhi Return)

युवाओं, स्टार्टअप और शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भारत ने दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना को आगे बढ़ाने की घोषणा की। इसके तहत कनेक्टिविटी, वैज्ञानिक अनुसंधान, आपदा प्रबंधन, तटरक्षक सहयोग, समुद्री क्षेत्र की निगरानी और नाविकों की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्रीय क्षमता विकास के लिए संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान और आसियान-भारत स्पेस हैकाथॉन आयोजित करने की पहल की गई है। खनन और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। भारत और आसियान देशों के बीच युवा संपर्क को मजबूत करने के लिए युवा शिखर सम्मेलन, युवा सांसदों के आदान-प्रदान और स्टार्टअप हैकाथॉन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की गई है। (PM Modi Delhi Return)

समुद्री सुरक्षा और साइबर अपराध पर जोर

रचनात्मक उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘वेव्स 2027’ में आसियान-भारत रचनात्मक साझेदारी मंडप स्थापित करने की योजना भी शामिल है। वहीं आसियान देशों के पर्यटकों के लिए मुफ्त ई-वीजा की सुविधा देने की घोषणा भारत की पर्यटन कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के तहत नाविकों की सुरक्षा को लेकर संयुक्त प्रशिक्षण और आपातकालीन प्रतिक्रिया के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की पहल की गई। इसके साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी और सीमा पार होने वाले साइबर अपराधों से निपटने के लिए नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी में ईएएस साइबर क्राइम कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की घोषणा हुई। इसके अलावा गुजरात के लोथल में ईएएस समुद्री विरासत महोत्सव आयोजित किया जाएगा। शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए नालंदा में ईएएस यूनिवर्सिटी कॉन्क्लेव आयोजित करने की भी योजना है। इन पहलों के जरिए भारत क्षेत्रीय देशों के साथ शिक्षा, समुद्री इतिहास और आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों पर सहयोग बढ़ाना चाहता है।

कल FICCI सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे PM

अंतरराष्ट्रीय बैठकों से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब घरेलू कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 19 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे वे नई दिल्ली के भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित भी करेंगे। इस साल सम्मेलन की थीम ‘भारत 2047’ रखी गई है। इसमें उद्योग जगत के दिग्गजों, प्रमुख कंपनियों के CEO, राजदूतों, राजनयिकों और नीति निर्माताओं समेत 2,500 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। FICCI के लिए साल 2026-27 ऐतिहासिक महत्व रखता है। संगठन 7 अप्रैल 2027 को अपनी स्थापना के 100 साल पूरे करेगा। ऐसे में शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित यह सम्मेलन भारत की आर्थिक प्रगति, औद्योगिक विकास, निवेश और विकसित भारत के लक्ष्य पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। ‘भारत 2047’ की थीम के जरिए उद्योग जगत और नीति निर्माताओं के बीच इस बात पर विचार-विमर्श होगा कि आने वाले सालों में भारत को विकसित अर्थव्यवस्था बनाने के लिए किन क्षेत्रों में तेजी से काम करने की जरूरत है। (PM Modi Delhi Return)

क्या है FICCI ?

FICCI का पूरा नाम फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री है, जिसे हिंदी में भारतीय वाणिज्य और उद्योग महासंघ कहा जाता है। यह भारत का एक प्रमुख गैर-सरकारी और गैर-लाभकारी उद्योग संगठन है, जिसकी स्थापना 7 अप्रैल 1927 को उद्योगपति घनश्याम दास बिड़ला और पुरुषोत्तमदास ठाकुरदास की पहल पर की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य देश के उद्योगपतियों, कारोबारियों, कंपनियों और व्यापारिक संस्थाओं के हितों का प्रतिनिधित्व करना समेत सरकार और उद्योग जगत के बीच संवाद स्थापित करना है। FICCI उद्योगों की समस्याओं और जरूरतों को सरकार तक पहुंचाने, औद्योगिक और आर्थिक नीतियों पर सुझाव देने, देश-विदेश में निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और भारतीय कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का काम करता है। यह संगठन टैक्स व्यवस्था, व्यापार, विनिर्माण, स्टार्टअप, नई तकनीक, निर्यात और औद्योगिक विकास जैसे मुद्दों पर भी काम करता है। यह कोई सरकारी विभाग नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र उद्योग संगठन है। मनीला यात्रा के दौरान क्षेत्रीय सहयोग और वैश्विक चुनौतियों पर भारत का पक्ष रखने के बाद प्रधानमंत्री की दिल्ली में प्रस्तावित गतिविधियां घरेलू शासन और आर्थिक विकास पर केंद्रित रहेंगी। एक ओर मंत्रिपरिषद की बैठक में सरकार के कामकाज और नीतिगत मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं FICCI सम्मेलन के माध्यम से उद्योग जगत के सामने भारत के विकास का रोडमैप रखने का अवसर मिलेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!