गुजरात के वडोदरा में PM मोदी ने किया रोड शो, कर्नल सोफिया के परिवार ने किया स्वागत

PM Modi Road Show: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा में एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसे ‘सिंदूर सम्मान यात्रा’ का नाम दिया गया। रोड शो के दौरान PM नरेंद्र मोदी को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ी थी। PM का रोड शो करीब 10 मिनट चला। इस दौरान भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पुष्प वर्षा की। कर्नल सोफिया कुरैशी की जुड़वां बहन शाइना सुन्सारा ने कहा कि मैं खुद एक महिला हूं, मैं इस बात को महसूस कर सकती हूं कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को कितना ऊपर उठा दिया। सोफिया कुरैशी मेरी जुड़वां बहन है। ये बहुत प्रोत्साहित करने वाली बात है। अब सोफिया सिर्फ मेरी बहन नहीं रही, अब वो पूरे देश की बहन बन गई है।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी ने NDA शासित राज्यों के CM-डिप्टी CM के साथ की बैठक, कहा- हर मुद्दे पर बोलने की नहीं है जरूरत
कर्नल सोफिया कुरैशी के भाई मोहम्मद संजय कुरैशी ने कहा कि प्रधानमंत्री को आमने-सामने देखना बहुत गर्व का पल था। अपनी बहन सोफिया कुरैशी के बारे में उन्होंने कहा कि हमारी डिफेंस फोर्स को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने सोफिया को ये मौका दिया। औरतों के साथ जो गलत हुआ, उसका बदला एक औरत ले उससे बेहतर कोई पल नहीं है। दुश्मनों को बता दिया कि हमारी औरतें किसी भी मर्दों से कम नहीं है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पूरी दुनिया भारत का समर्थन कर रही है, क्योंकि पूरी दुनिया देख रही है कि कैसे पाकिस्तान के प्रश्रय में आतंकवादियों ने हमारे 26 निर्दोष पर्यटकों को मारा। पूरी दुनिया ने इसकी निंदा की और ऑपरेशन सिंदूर का समर्थन किया है। (PM Modi Road Show)


उन्होंने कहा कि हमारे सांसद दुनियाभर में जाकर बता रहे हैं कि पाकिस्तान किस तरह से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, जिन देशों में हमारा प्रतिनिधिमंडल गया है, वहां हर कोई भारत का समर्थन कर रहा है। आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के प्रधानमंत्री के संकल्प में पूरी दुनिया उनके साथ खड़ी है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह न्याय का नया संकल्प है, जो भारत ने विश्व के सामने प्रस्तुत किया है। यह कहा गया है कि लहू और पानी एक साथ नहीं बहेगा। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पहले UAE गया और अब पश्चिमी अफ्रीका के विभिन्न देशों में जा रहा है। इस प्रतिनिधिमंडल में अलग-अलग पार्टी के सदस्य हैं। इसमें लोग भारत का पक्ष-विश्व के समक्ष रखने राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर आए हैं। (PM Modi Road Show)




