भारतीय समुदाय के बीच छाए PM नरेंद्र मोदी, बोले- आप ही भारत-न्यूजीलैंड रिश्तों के सबसे बड़े राजदूत हैं

PM Modi in Auckland: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित कम्युनिटी इवेंट में हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा कार्यक्रम स्थल भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा। भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि आज 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड आया है। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं आपके लिए 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं लेकर आया हूं।न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन यहां आए और कीवी भारतीय समुदाय के लोगों का हिस्सा बने, इससे यह जश्न और भी जीवंत हो गया है। आपने जिस स्नेह और उत्साह से हम सभी का स्वागत किया है उसके लिए मैं आपका आभारी हूं। न्यूजीलैंड एक अद्भुत देश है। यहां शांति, समृद्धि और संस्कृति है और यहां न्यूजीलैंड की असली ताकत यहां के स्थानीय लोग हैं। न्यूजीलैंड वह जगह है, जहां की सड़कों पर भी भारतीय शहरों को सम्मान दिया गया है। यहां कहीं खंडाला, बॉम्बे हिल्स, कोलकाता स्ट्रीट और अमृतसर स्ट्रीट है। भारत हजारों साल पुरानी सभ्यता है, जो आज अपनी प्राचीनता को सहजते हुए आधुनिकता को स्वीकार कर रहा है। हर युग और दौर में भारत ने स्वयं को बदला है। इसका कारण हमारी सीखने की लगन है। भारत सभी से सीखता है। हमारे लिए सामने वाले देश की जनसंख्या नहीं बल्कि जनकल्याण की भावना मायने रखती है। हमने न्यूजीलैंड से बहुत कुछ सीखा है।
यह भी पढ़ें:- ऑकलैंड में भारत का गुनगान, न्यूजीलैंड के PM ने बताया दुनिया का उभरता नेतृत्व, कहा- 21वीं सदी की दिशा तय करेगा भारत
PM मोदी ने आगे कहा कि 100 साल पहले हमारी हॉकी टीम न्यूजीलैंड खेलने आई थी। उसमें मेजर ध्यानचंद के शानदार प्रदर्शन की हर ओर चर्चा थी। उनकी हॉकी ने न्यूजीलैंड के लोगों का दिल भी जीत लिया था। भारत और न्यूजीलैंड का भविष्य आपस में जुड़ा हुआ है। स्पेस सेक्टर यह बताने के लिए काफी है कि भारत और न्यूजीलैंड की अर्थव्यवस्था एक दूसरे को काफी कुछ दे सकती है। यही हमारे व्यापार समझौते की भावना है। यह व्यापार समझौता विकसित भारत की ओर हमारी यात्रा को गति देगा। भारत में हम धरती मां के संरक्षण के लिए एक पेड़ मां के नाम और प्राकृतिक खेती मिशन जैसे कई अभियान चला रहे हैं। हम जितना प्यार जन्म भूमि को करते हैं उतना ही समर्पण कर्म भूमि को भी करते हैं। वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत जिस तेजी के साथ विकास कर रहा है, वह अभूतपूर्व है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन प्रोड्यूसर है। आज भारत मोबाइल बनाने वाला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है। (PM Modi in Auckland)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे इस यात्रा की सफलता पर पूरा भरोसा है। मोदी की वजह से नहीं, बल्कि इसलिए क्योंकि आप सभी इसके असली मार्गदर्शक हैं। ऑकलैंड से वेलिंगटन तक, क्राइस्टचर्च से क्वीन्सटाउन तक, न्यूजीलैंड के हर कोने में फैला भारतीय समुदाय इस साझा यात्रा का एक अहम हिस्सा है। मैं अपने दोस्त प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, न्यूजीलैंड सरकार के सभी सहयोगियों और यहां मौजूद लेबर पार्टी के सदस्यों का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। यह भारत-न्यूजीलैंड संबंधों के लिए मौजूद जबरदस्त द्विदलीय समर्थन को दर्शाता है। साथ ही यह कीवी-भारतीय समुदाय की उपलब्धियों और योगदान के महत्व को भी उजागर करता है। प्रधानमंत्री के तौर पर यह मेरा पहला दौरा हो सकता है, लेकिन 25-30 साल पहले जब मैं किसी सरकार का हिस्सा नहीं था और सार्वजनिक जीवन में मुझे कोई नहीं जानता था, तब मुझे न्यूजीलैंड आने का मौका मिला था। उस समय किसी ने मुझे तीन चीजें तोहफे में दी थी, जिन्हें मैं अपने साथ भारत ले गया था, जिसमें मफलर, एक टोपी और दस्ताने की एक जोड़ी शामिल हैं। आज मैं उन चीजों में से एक चीज इस कार्यक्रम में साथ लाया हूं। मफलर जिसे आपने देखा, वो मुझे 25-30 साल पहले न्यूजीलैंड के एक व्यक्ति ने तोहफे में दिया था।

उन्होंने कहा कि इन सालों में मैंने कई बार इसका इस्तेमाल किया है और आज भी मैं इसका वैसे ही ध्यान रखता हूं, जैसे मैं मेरे लिए आपके प्यार का ध्यान रखता हूं। PM मोदी ने प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से कहा कि भारतीय समुदाय के बीच सुपर-हिट और बेहद लोकप्रिय हैं और आपने यह साबित भी कर दिया है। भारत के स्वतंत्रता दिवस पर क्रिस हिपकिंस के साथ ‘मस्त कलंदर’ गाने पर आपकी डांस परफॉर्मेंस वायरल हो गई थी। आपने सचमुच भारतीयों के दिलों में एक खास जगह बना ली है। भारत-न्यूजीलैंड के रिश्तों में यादें, दोस्ती, मूल्य और एक प्रतिबद्धता है। इन रिश्तों को न्यूजीलैंड की एक खूबसूरत परंपरा से अच्छी तरह समझा जा सकता है। सदियों से एक शब्द यहां के लोगों को जोड़ता आ रहा है – ‘वाका’। ‘वाका’ सिर्फ एक डोंगी का नाम नहीं है, यह हमारी साझा यात्रा का प्रतीक है। आज भारत-न्यूजीलैंड का ‘वाका’ एक नई यात्रा शुरू करने के लिए तैयार है। हमारे सामने अपार अवसर हैं और हवा भी हमारे अनुकूल है। न्यूजीलैंड एक ऐसी जगह है, जहां निखिल रविशंकर ‘एयर न्यूजीलैंड’ के CEO बन सकते हैं और आनंद सत्यानंद गवर्नर-जनरल बन सकते हैं, जहां रचिन रवींद्र, ईश सोढ़ी और एजाज पटेल जैसे टैलेंटेड खिलाड़ियों को क्रिकेट टीम में मौका मिल सकता है।

PM मोदी ने कहा कि न्यूजीलैंड एक ऐसी जगह है, जहां सड़कों के नामकरण में भी भारतीय शहरों को सम्मान दिया गया है। यहां खंडाला है, लेकिन फिल्मों वाला नहीं और बॉम्बे हिल्स, कोरोमंडल, कलकत्ता स्ट्रीट, दिल्ली क्रिसेंट, अमृतसर स्ट्रीट जैसे नाम वाली जगहें हैं, ऐसे बहुत से नाम हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस साल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे हो रहे हैं। सौ साल पहले हमारी हॉकी टीम खेलने के लिए न्यूजीलैंड आई थी और उस दौरे पर मेजर ध्यानचंद के शानदार खेल की खूब चर्चा हुई थी। उनके हॉकी कौशल ने न्यूजीलैंड के लोगों का भी दिल जीत लिया था। यह सहयोग का दौर है। न्यूजीलैंड और भारत खेलों में भी सहयोग के ज़रिए बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। भारत रग्बी के मामले में न्यूजीलैंड से सीखना चाहता है। इसके लिए हमें कोच और एक्सपर्ट्स की जरूरत है। न्यूजीलैंड इस दिशा में हमारी काफ़ी मदद कर सकता है। भुवनेश्वर में न्यूजीलैंड रग्बी और रग्बी इंडिया के बीच हाल ही में हुए कोचिंग प्रोग्राम को मैं एक शानदार शुरुआत मानता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हम स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में मिलकर बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। भारत और न्यूजीलैंड का भविष्य आपस में जुड़ा हुआ है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब भारत का चंद्रयान चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा तो पूरा न्यूजीलैंड जश्न मना रहा था। इस सफलता में न्यूजीलैंड की टेक्नोलॉजी का भी योगदान रहा है। न्यूजीलैंड की स्पेस कंपनी ने कई मौकों पर हमारे साथ मिलकर काम किया है। हम इस सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। ट्रेड एग्रीमेंट से विकसित भारत की ओर हमारी यात्रा तेज होगी और भारत-न्यूजीलैंड दोनों देशों में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक और बड़ी समानता है। यह समानता हमारी मूल संस्कृतियों को मनाने और उन्हें संजोने के तरीके में है। मैं खास तौर पर माओरी समुदाय का जिक्र करना चाहूंगा। मैंने ‘हाका’ को सिर्फ एक परफॉर्मेंस के तौर पर नहीं देखा है। ‘हाका’ में मैंने एक समुदाय की आत्मा को देखा है। इसमें साहस, आत्म-सम्मान, पूर्वजों के प्रति सम्मान और पूरे समुदाय की सामूहिक शक्ति का अहसास झलकता है। माओरी संस्कृति में एक बहुत सुंदर शब्द है ‘मानाकितंगा’। इसका मतलब है सम्मान दिखाना, अपनापन जताना और पूरे दिल से किसी का ख्याल रखना। भारत में भी हम कहते हैं ‘अतिथि देवो भव’। शब्द, माहौल, पहनावा और भाषाएं भले ही अलग हों, लेकिन भावना बिल्कुल एक जैसी है।

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन उत्पादक देश है। मोबाइल डेटा इस्तेमाल के मामले में भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टेलीकॉम बाजार है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक देश है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक देश है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल बाजार भी है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है। भारत जल्द ही दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादक देश बनने जा रहा है। सोलर एनर्जी क्षमता के मामले में भी भारत दुनिया के अग्रणी देशों की कतार में शामिल हो गया है। आज का भारत दुनिया को विकास के नए मॉडल भी दे रहा है। दुनियाभर के दर्जनों देश आज भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार में मेरे सहयोगी हरदीप सिंह पुरी जी के पूर्वज श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के समर्पित सेवक थे। हरदीप पुरी जी ने मुझे बताया कि उनके परिवार ने 300 सालों से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी के ‘जोड़े साहिब’ को संभालकर और सुरक्षित रखा है। बंटवारे के समय, पुरी साहब का परिवार और उनके पूर्वज उन्हें सुरक्षित दिल्ली ले आए थे। उनका परिवार इन पवित्र ‘जोड़े साहिब’ को सिख ‘संगत’ को सौंपना चाहता था, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इनके दर्शन कर सकें और सम्मान प्रकट कर सकें। हमने सिख परंपराओं के जानकार लोगों की एक कमेटी बनाई। हमने विशेषज्ञों की सलाह ली और इन पवित्र ‘जोड़े साहिब’ को उस जगह ले जाने का फैसला किया, जहां श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने इस पवित्र धरती पर पहली बार कदम रखा था – यानी उनके जन्मस्थान, हमारे श्री पटना साहिब में। मुझे खुशी है कि ये पवित्र ‘जोड़े साहिब’ अब पटना साहिब की पवित्र धरती पर हैं और उस पवित्र मौके का गवाह बनना और वहां मौजूद रहना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। मैं आपसे यह भी गुजारिश करूंगा कि जब भी आप भारत जाएं तो पटना साहिब जाकर इनके दर्शन ज़रूर करें और सम्मान प्रकट करें। (PM Modi in Auckland)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब हिमालय में बहुत ऊंचाई पर स्थित है। साल के ज्यादातर समय यह बर्फ से ढकी चोटियों से घिरा रहता है। वहां जाने और दर्शन करने का रास्ता बहुत मुश्किल है। यात्रियों की यात्रा आसान बनाने के लिए सरकार श्री हेमकुंड साहिब तक एक रोपवे बना रही है। हमारी ही सरकार ने साहिबजादों की वीरता और बलिदान की अमर याद में भारत में हर साल 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ मनाने की शुरुआत की थी। यह दिन पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। हालांकि किसी भारतीय प्रधानमंत्री को न्यूजीलैंड आने में 40 साल लग गए, लेकिन आपको दोबारा इतना लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब 40 साल नहीं लगेंगे। यह मोदी की गारंटी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब अफगानिस्तान में संकट आया तो हम पूरी श्रद्धा के साथ गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र ‘स्वरूप’ को भारत लाए। हमारे महान सिख गुरुओं ने पूरी मानवता को सेवा, साहस, समानता और करुणा का संदेश दिया है। दुनियाभर में गुरुद्वारे सेवा के केंद्र के तौर पर काम करते हैं।

भारतीय समुदाय की सदस्य ने कहा कि ऑकलैंड में प्रधानमंत्री मोदी को देखकर हमें बहुत खुशी हुई और उनका भाषण बहुत अच्छा लगा, खासकर इसलिए, क्योंकि उन्होंने माओरी लोगों और हमारे दोनों देशों के बीच संबंधों के बारे में भी बात की। अब हम यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि यह रिश्ता आगे कैसा रहता है और न्यूजीलैंड-भारत के बीच फ्री ट्रेड के मामले में इसके क्या नतीजे निकलते हैं। मैंने सुना है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज एक समझौता और मेमोरैंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग साइन हुआ है। मुझे यकीन है कि इससे बिजनेस, अर्थव्यवस्था और दोनों देशों के रिश्तों के मामले में बहुत अच्छे नतीजे मिलेंगे। भारतीय समुदाय के एक और सदस्य ने कहा कि PM मोदी ने इस बारे में बात की कि कैसे न्यूजीलैंड और भारत मिलकर काम कर सकते हैं और दोनों देशों में खुशहाली और तरक्की ला सकते हैं। साथ ही PM क्रिस्टोफर लक्सन को भी न्यूजीलैंड में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों की उपलब्धियों पर बहुत गर्व था, जो कि बहुत अच्छी बात है।



