हम देव से देश और राम से राग के जीवन मंत्र को लेकर चल रहे हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi in Nagpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के नागपुर में माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर की आधारशिला रखी। साथ ही नागपुर के सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड की गोला-बारूद सुविधा का दौरा किया और यूएवी के लिए लोइटरिंग म्यूनिशन टेस्टिंग रेंज समेत रनवे सुविधा का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संघ सेवा के इस पवित्र तीर्थ नागपुर में हम एक पून्य संकल्प के सेवा विस्तार के साक्षी बने हैं। अभी हमने माधव नेत्रालय के कुल गीत में सुना, अध्यात्म, ज्ञान, गौरव गुरुता का ये अद्भुत विद्यालय है, मानवतारत है ये सेवा मंदिर कण कण में देवालय है। धव नेत्रालय एक ऐसा संस्थान है, जो कई दशकों से पूज्य गुरूजी के आदर्शों पर लाखों लोगों की सेवा कर रहा है।
यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दी ईद की बधाई, अखिलेश यादव ने सरकार पर लगाया आरोप
PM मोदी ने कहा कि देश के सभी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, ये हमारी प्राथमिकता है। आयुष्मान भारत के कारण आज करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। हजारों जन-औषधि केंद्र देश के गरीबों को, मध्यम वर्गीय परिवारों को सस्ती दवाएं दे रहे हैं। इससे देशवासियों के हजारों करोड़ रुपए बच रहे हैं। बीते 10 साल में गांवों में लाखों आयुष्मान आरोग्य मंदिर बने हैं… जहां लोगों को प्राथमिक इलाज मिल रहा है। हम अपने देश का इतिहास देखें तो सैकड़ों वर्षों की गुलामी, इतने आक्रमण, भारत की सामाजिक संरचना को मिटाने की इतनी क्रूर कोशिशें… लेकिन भारत की चेतना कभी समाप्त नहीं हुई, उसकी लौ जलती रही। (PM Modi in Nagpur)

उन्होंने कहा कि कठिन से कठिन दौर में भी भारत में चेतना को जागृत रखने वाले नए-नए सामाजिक आंदोलन होते रहे। भक्ति आंदोलन का उदाहरण हम सभी को पता है। मध्यकाल के उस कठिन कालखंड में हमारे संतों ने भक्ति के विचारों से हमारी राष्ट्रीय चेतना को नई ऊर्जा दी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत की अमर संस्कृति का आधुनिक अक्षय वट है। ये अक्षय वट आज भारतीय संस्कृति को… हमारे राष्ट्र की चेतना को निरंतर ऊर्जावान बना रहा है। हमारा शरीर परोपकार के लिए ही है, सेवा के लिए ही है और जब ये सेवा संस्कारों में आ जाती है तो सेवा ही साधना बन जाती है। यही साधना तो हरेक स्वयंसेवक की प्राणवायु होती है। ये सेवा संस्कार, ये साधना, ये प्राणवायु… पीढ़ी दर पीढ़ी हर स्वयंसेवक को तप-तपस्या के लिए प्रेरित कर रही है। ये सेवा साधना हर स्वयंसेवक को निरंतर गतिमान रखती है, ये कभी थकने और रुकने नहीं देती है। (PM Modi in Nagpur)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम देव से देश और राम से राग के जीवन मंत्र लेकर चले हैं। अपना कर्तव्य निभाते चलते हैं। इसलिए बड़ा छोटा कैसा भी काम हो, कोई भी क्षेत्र हो… संघ के स्वयंसेवक नि:स्वार्थ भाव से काम करते हैं। जब प्रयासों के दौरान मैं नहीं हम का ध्यान होता है, जब राष्ट्र प्रथम की भावना सर्वोपरि होती है, जब नीतियों में, निर्णयों में देश के लोगों का हित ही सबसे बड़ा होता है तो सर्वत्र उसका प्रभाव भी नजर आता है। आज हम देख रहे हैं कि भारत कैसे गुलामी की मानसिकता को तोड़ कर आगे बढ़ रहा है। दुनिया में कहीं भी प्राकृतिक आपदा हो, भारत पूरे मनोयोग से सेवा के लिए खड़ा होता है। म्यांमार में इतना बड़ा भूकंप आया है… भारत ऑपरेशन ब्रह्मा के साथ वहां के लोगों की मदद के लिए सबसे पहले पहुंच गया है। (PM Modi in Nagpur)

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तुर्किए में भूकंप आया, जब नेपाल में भूकंप आया, जब मालदीव में पानी का संकट आया… भारत ने मदद करने में घड़ी भर की भी देर नहीं लगाई। युद्ध जैसे हालातों में हम दूसरे देशों के नागरिकों को भी सुरक्षित निकालकर लाते हैं। दुनिया देख रही है भारत आज जब प्रगति कर रहा है तो पूरे ग्लोबल साउथ की आवाज भी बन रहा है। विश्व-बंधु की ये भावना… हमारे ही संस्कारों का विस्तार है। आज भारत की सबसे बड़ी पूंजी हमारा युवा है। आज भारत का युवा विश्वास से भरा हुआ है। राष्ट्र निर्माण की भावना से ओत-प्रोत हमारे युवा आगे बढ़े चले जा रहे हैं। यही युवा 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की ध्वजा थामे हुए हैं। हमारा मंत्र “वसुधैव कुटुम्बकम” अर्थात “पूरी दुनिया एक परिवार है” पूरी दुनिया में गूंज रहा है। हमारे कार्य इस विश्वास को दर्शाते हैं। (PM Modi in Nagpur)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब कोविड-19 ने दुनिया को प्रभावित किया, तो भारत ने वैश्विक समुदाय को अपना परिवार माना और जरूरतमंदों को टीके उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए। लाल किले से मैंने सबके प्रयास की बात कही थी। आज स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश जिस तरह काम कर रहा है, माधव नेत्रालय उन प्रयासों को आगे बढ़ा रहा है। देश के सभी नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, ये हमारी प्राथमिकता है। आयुष्मान भारत के कारण आज करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। हमने न केवल मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी की है, बल्कि देश में संचालित एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) की संख्या भी तीन गुनी कर दी है। इसके अतिरिक्त, मेडिकल सीटों की संख्या भी दोगुनी कर दी गई है। हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करके समुदाय की सेवा करना है कि लोगों को योग्य डॉक्टर उपलब्ध हों। हमने छात्रों की मातृभाषा में चिकित्सा शिक्षा प्रदान करने का साहसिक निर्णय लिया, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि वंचित पृष्ठभूमि के बच्चे भी चिकित्सा में अपना करियर बना सकें। (PM Modi in Nagpur)




