हम विस्तारवाद नहीं, विकासवाद की नीति में विश्वास रखते हैं: PM नरेंद्र मोदी

PM Modi in Thailand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और थाईलैंड की PM शिनावात्रा ने बैंकॉक में संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान PM मोदी ने कहा कि इस खूबसूरत स्वर्ण भूमि में मेरे और मेरे डेलिगेशन के गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए मैं प्रधानमंत्री शिनावात्रा का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। 28 मार्च को आए भूकंप में हुई जनहानि के लिए मैं भारत के लोगों की ओर से गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं और हम घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। भारत और थाईलैंड के सदियों पुराने संबंध हमारे गहरे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सूत्रों से जुड़े हैं।
यह भी पढ़ें:- वक्फ संशोधन विधेयक पर चर्चा को डिरेल करने की कोशिश कर रहा विपक्ष: JP नड्डा
उन्होंने कहा कि बौद्ध धर्म के प्रसार ने हमारे जन-जन को जोड़ा है। अयुत्थया से नालंदा तक विद्वानों का आदान-प्रदान हुआ है। रामायण की कथा थाई लोक-जीवन में रची-बसी है और संस्कृत-पाली के प्रभाव आज भी भाषाओं और परंपराओं में झलकते हैं। मैं थाईलैंड सरकार का आभारी हूं कि मेरी यात्रा के उपलक्ष्य में 18वीं शताब्दी की ‘रामायण’ म्यूरल पेंटिंग्स पर आधारित एक विशेष डाक-टिकट जारी किया गया है। प्रधानमंत्री शिनावात्रा ने अभी मुझे त्रिपिटक भेंट की। बुद्ध भूमि भारत की ओर से मैंने इसे हाथ जोड़ कर स्वीकार किया। (PM Modi in Thailand)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ पॉलिसी और हमारे हिंद-प्रशांत विजन में थाईलैंड का विशेष स्थान है। हमने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का रूप देने का निर्णय लिया है। सुरक्षा एजेंसियों के बीच ‘रणनीतिक वार्ता’ स्थापित करने पर भी चर्चा की। साइबर क्राइम के शिकार भारतीयों को वापस भारत भेजने में थाईलैंड सरकार से मिले सहयोग के लिए हमने थाईलैंड सरकार का आभार प्रकट किया। हमने भारत के उत्तर-पूर्वी राज्यों और थाईलैंड के बीच पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा क्षेत्रों में सहयोग पर बल दिया है। आपसी व्यापार, निवेश और व्यवसाय के बीच आदान प्रदान बढ़ाने पर हमने बात की। MSME, हथकरघा और हस्तशिल्प में भी सहयोग के लिए समझौते किए गए हैं। (PM Modi in Thailand)

प्रधानमंत्री नेक हा कि भारत आसियान एकता और आसियान केन्द्रीयता का पूर्ण समर्थन करता है। हिंद-प्रशांत में, स्वतंत्र, खुला, समावेशी और नियम-आधारित व्यवस्थाका हम दोनों समर्थन करते हैं। हम विस्तारवाद नहीं, विकासवाद की नीति में विश्वास रखते हैं। इससे पहले PM मोदी को बैंकॉक के गवर्नमेंट हाउस में थाईलैंड के प्रधानमंत्री इंग शिन ने विशेष गार्ड ऑफ ऑनर दिया और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके साथ ही थाईलैंड के प्रधानमंत्री इंग शिन ने प्रधानमंत्री मोदी को पाली भाषा में पवित्र ग्रंथ – विश्व तिपिटक भेंट किया। यह विशेष तिपिटक थाई सरकार द्वारा 2016 में राजा राम 10वें और रानी सिकिरित के शासनकाल की स्मृति में प्रकाशित किया गया था। (PM Modi in Thailand)



