धार्मिक यात्रा के लिए उत्तराखंड में सर्दियों का समय बेहद खास होता है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi in Uttarakhand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के हर्षिल में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं सबसे पहले माणा गांव में कुछ दिन पहले हुए हादसे पर अपना दुख व्यक्त करता हूं। मैं हादसे में जान गंवाने वाले साथियों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। संकट की घड़ी में देश के लोगों ने जो एकजुटता दिखाई है, उससे पीड़ित परिवारों को बहुत हौसला मिला है। उत्तराखंड की ये देवभूमि आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत है। चारधाम और अनंत तीर्थों का आशीर्वाद इसे प्राप्त है। जीवनदायिनी मां गंगा के इस शीतकालीन गद्दी स्थल पर एक बार फिर आकर आप सब परिवारजनों से मिलकर मैं धन्य हो गया हूं।
यह भी पढ़ें:- विदेश मंत्री जयशंकर का POK वाला बयान कांग्रेस को नहीं आया रास !, कहा- इससे बहुत गंभीर और संवेदनशील सवाल पैदा होता है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मां गंगा की कृपा से ही मुझे दशकों तक उत्तराखंड की सेवा का सौभाग्य मिला है। मैं मानता हूं कि उन्हीं के आशीर्वाद से मैं काशी तक पहुंचा और अब सांसद के रूप में काशी की सेवा कर रहा हूं। इसीलिए मैंने काशी में कहा भी था कि मुझे मां गंगा ने बुलाया है। कुछ महीने पहले मुझे ये भी अनुभूति हुई कि जैसे मां गंगा ने मुझे अब गोद ले लिया है। ये मां गंगा की ही दुलार है, अपने इस बच्चे के प्रति उनका स्नेह है कि आज मैं उनके मायके मुखवा गांव आया हूं। कुछ साल पहले जब मैं बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए बाबा के चरणों में गया था, तो बाबा के दर्शन-अर्चन के बाद मेरे मुंह से अचानक कुछ भाव प्रकट हुए थे और मैं बोल पड़ा था कि ये दशक उत्तराखंड का दशक होगा। (PM Modi in Uttarakhand)

उन्होंने कहा कि वो शब्द मेरे थे, भाव मेरे थे लेकिन उनके पीछे सामर्थ्य देने की शक्ति स्वयं बाबा केदारनाथ ने दी थी। मैं देख रहा हूं कि बाबा केदार के आशीर्वाद से धीरे-धीरे वो शब्द, वो भाव हकीकत में बदल रहे हैं। ये दशक उत्तराखंड का बन रहा है। अपने टूरिज्म सेक्टर को डायवर्सिफाइड करना… बारहमासी बनाना… उत्तराखंड के लिए बहुत जरुरी है। मैं चाहता हूं कि उत्तराखंड में कोई भी सीजन… ऑफ सीजन ना हो… हर सीजन में टूरिज्म ऑन रहे। उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए हमारी डबल इंजन सरकार मिलकर काम कर रही है। चारधाम ऑल वेदर रोड, आधुनिक एक्सप्रेस वे, राज्य में रेलवे, विमान और हेलीकॉप्टर सेवाओं का विस्तार पिछले 10 सालों में तेजी से हुआ है। (PM Modi in Uttarakhand)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अभी कल ही केंद्रीय कैबिनेट ने केदारनाथ रोपवे प्रोजेक्ट और हेमकुंड रोपवे प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। केदारनाथ रोपवे बनने के बाद जो यात्रा 8 से 9 घंटे में पूरी होती है, अब उसे लगभग 30 मिनट में पूरा कर लिया जाएगा। इससे बुजुर्गों, बच्चों के लिए केदारनाथ यात्रा और सुगम हो जाएगी। देशवासियों को शायद पता होगा कि 1962 में जब चीन ने भारत पर आक्रमण किया, तब हमारे ये दो गांव खाली कर दिए गए थे। लोग भूल गए, लेकिन हम नहीं भूल सकते। हमने उन दो गांवों को फिर से बसाने का अभियान चलाया है और बहुत बड़ा टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। (PM Modi in Uttarakhand)

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटकों की संख्या इस एक दशक में तेजी से बढ़ी है। 2014 से पहले चारधाम यात्रा पर हर साल औसतन 18 लाख यात्री आते थे। अब हर साल लगभग 50 लाख तीर्थयात्री आने लगे हैं। इस साल के बजट में 50 पर्यटन स्थल को विकसित करने का प्रावधान किया गया है। इन स्थलों पर होटलों को इंफ्रास्ट्रक्चर का दर्जा दिया जाएगा। इससे पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड के बॉर्डर वाले इलाकों को भी पर्यटन का विशेष लाभ मिले। पहले सीमावर्ती गांवों को आखिरी गांव कहा जाता था, लेकिन हमने ये सोच बदल दी, हमने कहा कि ये आखिरी नहीं हमारे प्रथम गांव हैं। उनके विकास के लिए ‘वाइब्रेंट विलेज’ कार्यक्रम शुरू किया गया। इस क्षेत्र के भी 10 गांव इस योजना में शामिल किए गए हैं। (PM Modi in Uttarakhand)

PM मोदी ने कहा कि मैं सभी बड़े-बड़े साधु महात्माओं को, मठ मंदिर के मठाधिपतियों को और योगाचार्यों से आग्रह करूंगा कि वे साल में अपने शिष्यों का एक योगा कैम्प सर्दियों में उत्तराखंड में लगाएं। सर्दी के मौसम के लिए विशेष वन्यजीव सफारी का आकर्षण उत्तराखंड की विशेष पहचान बन सकता है। यानी हमें 360 डिग्री अप्रोच के साथ आगे बढ़ना होगा, हर स्तर पर काम करना होगा। उत्तराखंड की प्रगति के लिए यहां नए रास्ते खुल रहे हैं, जिन आकांक्षाओं के साथ उत्तराखंड का जन्म हुआ था, उत्तराखंड के विकास के लिए हमने जो संकल्प लिए थे, वह संकल्प आज नई सफलताओं की ओर बढ़ते हुए सिद्ध हो रहे हैं। शीतकालीन पर्यटन इस दिशा में एक और बड़ा महत्वपूर्ण कदम है, इसके जरिए उत्तराखंड की आर्थिक संभावनाओं को साकार करने में मदद मिलेगी, मैं इसके लिए उत्तराखंड सरकार को बधाई देता हूं। (PM Modi in Uttarakhand)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि हम अपने पर्यटन क्षेत्र में विविधता लाएं, इसे बारहमासी, 365 दिन बनाएं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करता हूं। उत्तराखंड में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट हो या G20 बैठकों का आयोजन हो, या UCC जैसे कानूनों को लागू करना हो ये सभी कार्य प्रधानमंत्री से प्राप्त सहयोग और मार्गदर्शन से पूरे हुए हैं। उत्तराखंड में जब भी कोई आपदा आई है, प्रधानमंत्री ने उसके निवारण में हमारा साथ दिया है, चाहे वह जोशीमठ में भूस्खलन की घटना हो, सिल्क्यारा सुरंग दुर्घटना हो या हाल ही में चमोली के माणा गांव के पास हिमस्खलन की घटना हो। (PM Modi in Uttarakhand)




