विदेश मंत्री जयशंकर का POK वाला बयान कांग्रेस को नहीं आया रास !, कहा- इससे बहुत गंभीर और संवेदनशील सवाल पैदा होता है
Congress on Jaishankar Statement: विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के कश्मीर और POK को लेकर दिया गया बयान कांग्रेस को रास नहीं आया है। दरअसल, जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि मुझे नहीं पता कि वे ऐसे मुद्दों को किस तरह से पेश करके क्या हासिल करना चाहते हैं। यह एक तय बात है, संसद में पहले ही एक प्रस्ताव पारित हो चुका है कि POJK भारत का हिस्सा है, इस अवसर पर इसे उठाना, मुझे नहीं पता कि उनके दिमाग में क्या है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि भारत सरकार ने भारत के उच्चतम न्यायालय से एक वादा किया था कि जम्मू-कश्मीर के राज्य के स्तर को जल्द बहाल कर दिया जाएगा। जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा जल्द से जल्द दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- UP STF ने ISI मॉड्यूल के सक्रिय आतंकवादी को किया गिरफ्तार, बीजेपी ने कहा- देश में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को सबसे पहले यह बताना चाहिए कि वे जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा कब लौटाएंगे? अगर भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जय शंकर ने केवल पाक अधिकृत कश्मीर (POK) की बात की है तो इससे बहुत गंभीर और संवेदनशील सवाल पैदा होता है। हमारा यह मानना है कि पाक अधिकृत कश्मीर (POK) हमारे भारत का हिस्सा है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि जहां तक POJK का सवाल है, 1948 से भारत सरकार की नीति रही है कि ये गलत है, पूरी तरह से अवैध है। कश्मीर हमसे जुड़ा हुआ था, वहां के महाराजा ने हस्ताक्षर करके जम्मू-कश्मीर को देश में मिलाया था, पाकिस्तान ने जबरदस्ती उस पर कब्जा कर लिया। (Congress on Jaishankar Statement)
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि हर भारतीय चाहता है कि POJK देश का हिस्सा बने, ये हमेशा से भारत सरकार की नीति रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि मैं समझता हूं कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35A हटने के बाद वहां स्थायी शांति, खुशहाली और विकास है। यह सब प्रधानमंत्री मोदी की देन है। जम्मू-कश्मीर ने टेररिज्म कैपिटल से टूरिज्म कैपिटल तक का सफर तय किया है। पूर्ण जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा है और यह हमारी प्रतिबद्धता है। जम्मू-कश्मीर के नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि इस कश्मीर का कोई ऐसा मुद्दा नहीं है, जिसका हम समाधान तलाशें। आर्थिक विकास तेजी से हो रहा है। निरस्तीकरण (अनुच्छेद 370) के बाद GDP में भी वृद्धि हुई है इसमें कोई संदेह नहीं है। अगर कुछ हल करने की जरूरत है तो हम POJK की बात करते हैं। कश्मीर का मुद्दा POJK से जुड़ा है। आप उस पर जितनी चाहें उतनी बहस और चर्चा कर सकते हैं। आप इस कश्मीर के बारे में क्या चर्चा करेंगे? यह भारत का है, हम भारतीय हैं। यहां भारत का संविधान लागू है। विदेश मंत्री ने जो कहा वह सही है। (Congress on Jaishankar Statement)
लंदन में दिया था POK को लेकर बयान
दरअसल, लंदन में कश्मीर के मुद्दों के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि कश्मीर में हमने इसके अधिकांश मुद्दों को हल करने में अच्छा काम किया है। मुझे लगता है कि अनुच्छेद 370 को हटाना एक कदम था। फिर कश्मीर में विकास, आर्थिक गतिविधि और सामाजिक न्याय को बहाल करना दूसरा कदम था। चुनाव कराना, जिसमें बहुत अधिक मतदान हुआ, तीसरा कदम था। मुझे लगता है कि हम जिस हिस्से का इंतजार कर रहे हैं, वह कश्मीर के उस हिस्से की वापसी है, जो अवैध पाकिस्तानी कब्जे में है। जब यह हो जाएगा तो मैं आपको आश्वासन देता हूं कि कश्मीर का मसला हल हो जाएगा। (Congress on Jaishankar Statement)



