UP STF ने ISI मॉड्यूल के सक्रिय आतंकवादी को किया गिरफ्तार, बीजेपी ने कहा- देश में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं

UP STF Action: उत्तरप्रदेश STF और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और ISI मॉड्यूल के सक्रिय आतंकवादी अमृतसर निवासी लाजर मसीह को सुबह गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आतंकवादी बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के जर्मन-आधारित मॉड्यूल के प्रमुख स्वर्ण सिंह उर्फ जीवन फौजी के लिए काम करता है और पाकिस्तान स्थित ISI के गुर्गों के साथ सीधे संपर्क में है। उसके पास से 3 सक्रिय हैंड ग्रेनेड, 2 सक्रिय डेटोनेटर, 13 कारतूस और 1 विदेशी पिस्तौल सहित अवैध हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- जो दो-दो बार फेल हुआ उसे PM कैसे बना दिया?, अब राजीव गांधी पर मणिशंकर अय्यर के बयान से बवाल
उत्तरप्रदेश के मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि समय-समय पर हम देखते हैं कि ATS अपने कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन कर रही है। ATS ऐसी साजिशों को नाकाम करने में लगी हुई है, जिस तरह से STF ने इस साजिश को नाकाम किया है, उसके लिए हम उन्हें बधाई देते हैं और उम्मीद करते हैं कि वे इसी तरह सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे। मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि देश में हमारी मोदी सरकार हो या उत्तर प्रदेश में हमारी योगी सरकार, अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस रखने वाली सरकार है। हमारा उद्देश्य अपने नागरिकों को अपराध मुक्त वातावरण देना है। हमारी पुलिस इसी के लिए काम करती है। हम इस दिशा में बहुत ईमानदारी से आगे बढ़ रहे हैं। (UP STF Action)

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि यहां उत्तर प्रदेश में कानून का राज है, अगर कोई अपराधी अपराध करता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। जब भी सूचना मिलती है कि यहां विदेशी ताकतें सक्रिय हो रही हैं तो सरकार और कानून ऐसे लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सक्रिय हो जाते हैं। वहीं भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री कई बार कह चुके हैं कि हमारे देश में आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है। इस संबंध में, चाहे आतंकवादी कहीं भी छिपे हों, हमारी सेना उन्हें नेस्तनाबूत करने में सक्षम है, यह बात सभी को समझनी चाहिए। (UP STF Action)



