
PM Modi Mauritius Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री महामहिम नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ ट्रायोन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में छात्रों, पेशेवरों, सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों और व्यापार जगत के अग्रणी व्यक्तियों समेत भारतीय प्रवासियों की भागीदारी रही। इसमें मॉरीशस के कई मंत्री, संसद सदस्य और अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री रामगुलाम ने घोषणा की कि मॉरीशस राष्ट्रीय दिवस समारोह के दौरान भारत के प्रधानमंत्री को अपना सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’ प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने इस असाधारण सम्मान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें:- मॉरीशस एकमात्र ऐसा देश है…जिसका भारत पर पूरा अधिकार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में मॉरीशस के PM को उनकी गर्मजोशी और मित्रता समेत दोनों देशों के बीच जीवंत और विशेष संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री रामगुलाम और उनकी पत्नी वीना रामगुलाम को ओसीआई कार्ड सौंपे। मॉरीशस के लोगों को उनके राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने दोनों देशों की साझा ऐतिहासिक यात्रा को याद किया। उन्होंने सर शिवसागर रामगुलाम, सर अनिरुद्ध जगन्नाथ, मणिलाल डॉक्टर और मॉरीशस की स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाले अन्य लोगों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है। (PM Modi Mauritius Tour)
PM नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों की नींव रखने वाली साझा विरासत और पारिवारिक संबंधों पर प्रकाश डाला। साथ ही मॉरीशस में भारतीय मूल के समुदाय की ओर से अपनी सांस्कृतिक जड़ों को संरक्षित और पोषित करने की सराहना की। इन आपसी संबंधों को और मजबूत करने के लिए मॉरीशस के लिए एक विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके तहत मॉरीशस में भारतीय मूल के लोगों की सातवीं पीढ़ी को ओसीआई कार्ड उपलब्ध कराए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री ने इस बात को रेखांकित किया कि भारत गिरमिटिया विरासत को पोषित करने के लिए कई पहलों का समर्थन करेगा। (PM Modi Mauritius Tour)
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को मॉरीशस का करीबी विकास साझेदार होने का सौभाग्य मिला है। भारत-मॉरीशस के विशेष संबंधों ने भारत के सागर विजन और ग्लोबल साउथ के साथ इसके जुड़ाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जलवायु परिवर्तन की साझा चुनौती से निपटने के बारे में बात करते हुए उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन समेत वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन पहलों में मॉरीशस की भागीदारी की सराहना की। इस संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी ने एक पेड़ मां के नाम पहल पर भी प्रकाश डाला, जिसके तहत उन्होंने ऐतिहासिक सर शिवसागर रामगुलाम वनस्पति उद्यान में एक पौधा लगाया। इस आयोजन में एक आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल था, जिसमें इंदिरा गांधी सेंटर फॉर इंडियन कल्चर (IGCIC), महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट (MGI) और अन्ना मेडिकल कॉलेज के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। (PM Modi Mauritius Tour)
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि जब भी मैं मॉरीशस आता हूं, मुझे ऐसा लगता है कि मैं अपने ही लोगों के बीच हूं। मॉरीशस के लोगों और सरकार ने मुझे अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का फैसला किया है और मैं इस फैसले को बहुत सम्मान के साथ स्वीकार करता हूं। यह सिर्फ मेरे लिए सम्मान की बात नहीं है, यह भारत और मॉरीशस के बीच ऐतिहासिक संबंधों का सम्मान है। मॉरीशस एक ‘मिनी इंडिया’ की तरह है। हमारी सरकार ने नालंदा विश्वविद्यालय और उसकी भावना को पुनर्जीवित किया है। बिहार का मखाना जल्द ही दुनिया भर में नाश्ते का हिस्सा बन जाएगा। मॉरीशस में भारतीय प्रवासियों की सातवीं पीढ़ी को ओसीआई कार्ड देने का फैसला किया गया है। जब मॉरीशस समृद्ध होता है, तो भारत सबसे पहले जश्न मनाता है। (PM Modi Mauritius Tour)
उन्होंने कहा कि यहां की हवा में, यहां की मिट्टी में, यहां के पानी में… अपनेपन का एहसास है। पिछले साल मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस पर भारत के राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे, जो भारत और मॉरीशस के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाता है। 12 मार्च को राष्ट्रीय दिवस के रूप में चुनना दोनों देशों के साझा इतिहास को भी दर्शाता है। यह तारीख इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी दिन महात्मा गांधी ने उत्पीड़न और अन्याय के खिलाफ दांडी सत्याग्रह शुरू किया था। मुझे याद है साल 1998 में अंतरराष्ट्रीय रामायण सम्मेलन के लिए मुझे यहां आने का अवसर मिला था। तब मैं किसी सरकारी पद पर भी नहीं था। एक सामान्य कार्यकर्ता के रुपए में यहां आया था। संयोग देखिए कि नवीन उस समय भी प्रधानमंत्री थे। अब जब मैं प्रधानमंत्री बना तो नवीन जी मेरे शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने दिल्ली आए थे। प्रभु राम और रामायण के प्रति जो आस्था, जो भावना मैंने जो सालों पहले महसूस की थी, वह आज भी अनुभव करता हूं। (PM Modi Mauritius Tour)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे पूर्वज भारत के विभिन्न क्षेत्रों से यहां लाए गए थे। जब हम भाषा, बोलियों और खान-पान की आदतों में विविधता पर विचार करते हैं, तो यह स्थान वास्तव में एक छोटा हिंदुस्तान – एक लघु भारत का प्रतिनिधित्व करता है। जब अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ, हमारा 500 साल का इंतजार खत्म हुआ, तो भारत में जो उत्साह और उत्सव था, यहां मॉरीशस में भी उतना ही बड़ा महोत्सव हमने देखा। आपकी भावनाओं को समझते हुए तब मॉरीशस ने आधे दिन की छुट्टी भी घोषित की थी। भारत और मॉरीशस के बीच आस्था का ये संबंध हमारी मित्रता का बहुत बड़ा आधार है। मैं जानता हूं कि मॉरीशस के अनेक परिवार अभी-अभी महाकुंभ में भी होकर आए हैं। दुनिया को आश्चर्य हो रहा है कि मानव इतिहास का, विश्व का, ये सबसे बड़ा समागम था, 65-66 करोड़ लोग इसमें आए थे और उसमें मॉरीशस के लोग भी आए थे, लेकिन मुझे ये भी पता है कि मॉरीशस के मेरे अनेक परिवारजन चाहते हुए भी एकता के इस महाकुंभ में नहीं आ पाए। (PM Modi Mauritius Tour)
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे आपकी भावनाओं का ध्यान है, इसलिए मैं आपके लिए पवित्र संगम का और महाकुंभ के उसी समय का पवित्र जल साथ लेकर आया हूं। इस पवित्र जल को गंगा तालाब को अर्पित किया जाएगा। मॉरीशस में प्रवासी भारतीयों की सातवीं पीढ़ी को OCI (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) कार्ड की पात्रता प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। मुझे मॉरीशस के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को OCI कार्ड प्रदान करने का सौभाग्य मिला। इसी तरह, मुझे मॉरीशस के प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी को भी यही सम्मान प्रदान करते हुए खुशी हो रही है। बिहार के साथ आपका भावुक संबंध भी मैं समझता हूं। दुनिया के अनेक हिस्से जब पढ़ाई-लिखाई से कोसों दूर थे, तब नालंदा जैसा ग्लोबल इंस्टीट्यूट भारत में था, बिहार में था। हमारी सरकार ने फिर से नालंदा यूनिवर्सिटी को और नालंदा स्पिरिट को रिवाइव किया है। बिहार का मखाना, ये आज भारत में बहुत चर्चा में है। आप देखेंगे कि वो दिन दूर नहीं, बिहार का ये मखाना, दुनिया भर में स्नैक्स मैन्यू का हिस्सा होगा। (PM Modi Mauritius Tour)
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मॉरीशस सिर्फ एक साझेदार देश नहीं है। हमारे लिए मॉरीशस एक परिवार है। यह रिश्ता इतिहास, विरासत और मानवीय भावना में गहरा और मज़बूत है। मॉरीशस भारत को व्यापक वैश्विक दक्षिण से जोड़ने वाला एक पुल भी है। एक दशक पहले, 2015 में प्रधानमंत्री के तौर पर अपने पहले कार्यकाल में मैंने भारत के SAGAR विज़न की घोषणा की थी। SAGAR का मतलब है क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास। आज भी मॉरीशस इस विजन के केंद्र में है। संकट के समय में भारत हमेशा मॉरीशस के साथ खड़ा रहा है। कोविड-19 के दौरान, भारत एक लाख वैक्सीन और जरूरी दवाइयां पहुंचाने वाला पहला देश था। जब मॉरीशस संकट का सामना करता है, तो भारत सबसे पहले मदद के लिए आगे आता है। जब मॉरीशस समृद्ध होता है, तो भारत सबसे पहले जश्न मनाता है। आखिरकार, हमारे लिए मॉरीशस एक परिवार है, जैसा कि मैंने पहले कहा। (PM Modi Mauritius Tour)