Google Analytics —— Meta Pixel

Somnath Amrit Mahotsav : सोमनाथ अमृत पर्व में शामिल हुए पीएम मोदी, मंदिर शिखर पर हुआ विशेष कुंभाभिषेक

Somnath Amrit Mahotsav : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार को गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत पर्व-2026’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे।

सोमनाथ अमृत पर्व मंदिर के पुनर्निर्माण और पुनः प्राण-प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में भाग लेने से पहले भव्य रोड शो भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ मंदिर के 90 मीटर ऊंचे शिखर का देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से विशेष कुंभाभिषेक किया गया। इसके लिए 1,100 लीटर क्षमता वाला विशेष कलश तैयार किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, इस कलश का वजन करीब 760 किलोग्राम है, जबकि जल भरने के बाद इसका कुल वजन लगभग 1.86 मीट्रिक टन हो गया। (Somnath Amrit Mahotsav)

बताया गया कि आठ फीट ऊंचे इस विशेष कलश में 11 प्रमुख तीर्थ स्थलों का पवित्र जल रखा गया था। कलश को मंदिर शिखर तक पहुंचाने के लिए 350 टन क्षमता वाली ऑल-टेरेन क्रेन का इस्तेमाल किया गया। क्रेन के बूम को विशेष रूप से 90 मीटर ऊंचाई तक पहुंचने के लिए तैयार किया गया था।

यह पहली बार है जब पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के शिखर पर कुंभाभिषेक की रस्म निभाई गई। यह परंपरा सामान्यतः दक्षिण भारतीय मंदिरों में प्रचलित मानी जाती है और हर 10 से 12 वर्ष में शुद्धिकरण अनुष्ठान के रूप में आयोजित की जाती है।

चार दिवसीय ‘सोमनाथ अमृत पर्व’ का आयोजन 8 से 11 मई तक किया जा रहा है। कार्यक्रम में देशभर से कलाकार, संत और श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ मंदिर की आध्यात्मिक विरासत को समर्पित स्मारक डाक टिकट और विशेष स्मारक सिक्का भी जारी किया।

उल्लेखनीय है कि आजादी के बाद भारत के पहले उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की पहल पर सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कराया गया था, जिसे सनातन विरासत के पुनर्जागरण का प्रतीक माना जाता है। (Somnath Amrit Mahotsav)

यह भी पढ़े :- पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करें, एक साल तक सोने के गहने न खरीदें : प्रधानमंत्री मोदी

Back to top button
error: Content is protected !!