CG NEWS : तेंदुए का आतंक: खेत में नहा रहे ग्रामीण पर जानलेवा हमला, गांव में दहशत
कांकेर। जिले के सरोना वन परिक्षेत्र में तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई है। खेत में नहा रहे एक ग्रामीण पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। ग्रामीण की चीख सुन आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े, जिसके बाद तेंदुआ मौके से भाग निकला। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बांगाबारी नयापारा निवासी सगराम नेताम रविवार शाम अपने खेत स्थित बोर में नहा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराए सगराम नेताम ने जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ देखकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। हमले में घायल सगराम नेताम को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बासनवाही ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरोना वन क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही पहले भी होती रही है, लेकिन इस तरह इंसान पर हमला होने से लोग सहमे हुए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग शाम होते ही घरों में रहने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को रात में अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। वन विभाग ने तेंदुए की तलाश शुरू कर दी है और जल्द उसे पकड़ने का दावा किया है।
यह भी पढ़े :- 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 3 हजार रुपए लेकर छात्रों तक पहुंचाया था प्रश्न पत्र



