PM मोदी ने की रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात, कहा- आपकी मेजबानी करने के लिए उत्सुक हूं

PM Modi Talk Putin: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री को यूक्रेन से संबंधित नए घटनाक्रमों से अवगत कराया। राष्ट्रपति पुतिन को उनके विस्तृत आकलन के लिए धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री ने संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत की निरंतर स्थिति को दोहराया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की और भारत और रूस के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को इस साल के अंत में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत आमंत्रित किया।
यह भी पढ़ें:- रक्षाबंधन के दिन राजधानी में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, पति ने पत्नी और दो बेटियों की ली जान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन के साथ बहुत अच्छी और विस्तृत बातचीत हुई। मैंने यूक्रेन पर नवीनतम घटनाक्रम साझा करने के लिए उनका धन्यवाद किया। हमने अपने द्विपक्षीय एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की और भारत-रूस विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मैं इस साल के अंत में भारत में राष्ट्रपति पुतिन की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हूं। इससे पहले 7 अगस्त को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने मॉस्को यात्रा के दौरान क्रेमलिन में पुतिन से मुलाकात की थी। यह मुलाकात सुरक्षा, आर्थिक और ऊर्जा सहयोग पर द्विपक्षीय वार्ता के लिए हुई। (PM Modi Talk Putin)
22 अक्टूबर को रूस गए थे PM मोदी
रूसी सरकारी मीडिया स्पूतनिक ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें डोभाल ने भारत-रूस संबंधों को बहुत खास बताया और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा था कि हमारा रिश्ता बहुत खास और पुराना है। हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं। हमें राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा की खबर से बहुत खुशी है। तारीखें लगभग तय हो चुकी हैं। बता दें कि PM मोदी ने साल 2024 में दो बार रूस की यात्रा की थी। वे BRICS समिट के लिए 22 अक्टूबर को रूस गए थे। इससे पहले जुलाई में भी PM मोदी ने दो दिन का रूस दौरा किया था। तब उन्होंने पुतिन को भारत आने का न्योता दिया था। (PM Modi Talk Putin)



