रक्षाबंधन के दिन राजधानी में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, पति ने पत्नी और दो बेटियों की ली जान
Triple Murder in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली के करावल नगर इलाके में रक्षाबंधन के दिन ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई है। पुलिस के मुताबिक प्रदीप नाम के एक शख्स ने अपनी पत्नी और दो बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। करावल नगर की भगत सिंह कॉलोनी में रहने वाला प्रदीप अपनी पत्नी जयश्री (उम्र 28 साल) और दो बेटियों- 7 साल की बड़ी बेटी और 5 साल की छोटी बेटी के साथ रहता था।
यह भी पढ़ें:- ऑपरेशन सिंदूर में पाक के 5 जेट किए थे ढेर, S-400 गेम-चेंजर साबित: वायुसेना चीफ एपी सिंह
पड़ोसियों के मुताबिक परिवार में पिछले कुछ समय से आपसी विवाद चल रहा था, जो शनिवार सुबह अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। प्रदीप ने पहले पत्नी का गला दबाया, फिर दोनों बच्चियों की भी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर करावल नगर पुलिस मौके पर पहुंची, जिन्होंने घटनास्थल को सील कर दिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में हत्या का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने कहा कि मामले की जांच सभी एंगल से की जा रही है। (Triple Murder in Delhi)
आरोपी प्रदीप घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में उसके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार बाहर से सामान्य दिखता था, लेकिन भीतर झगड़े की बातें सुनने में आती थी। कई लोगों ने घटना की निंदा करते हुए इसे बहुत अमानवीय बताया है। वहीं दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर आरोपी के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें। (Triple Murder in Delhi)



