मुंबई की पहली अंडरग्राउंड मेट्रो का उद्घाटन करेंगे PM मोदी , जानिए क्या है खासियत
Mumbai Underground Metro : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अपनी यात्रा के दौरान मुंबई की पहली भूमिगत मेट्रो (Mumbai Underground Metro), मेट्रो 3 परियोजना का आंशिक रूप से उद्घाटन करेंगे। यह एक्वा लाइन के पहले चरण के उद्घाटन का प्रतीक होगा, जो आरे कॉलोनी और बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) के बीच चलने वाली 12 किलोमीटर की दूरी पर है, इस खंड पर 10 स्टेशन चालू होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम मोदी महाराष्ट्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे, जिनमें ठाणे क्रीक ब्रिज का एक खंड और मुंबई को नागपुर से जोड़ने वाले समृद्धि एक्सप्रेसवे का अंतिम चरण शामिल है। वह ठाणे रिंग मेट्रो की नींव भी रखेंगे।
पहले फेज में कहां से कहां चलेगी मेट्रो
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कोलाबा-सीप्ज-आरे के बीच 33.5 किलोमीटर लंबे भूमिगत मेट्रो ‘कोरिडोर’ (Mumbai Underground Metro) में से 12.5 किलोमीटर लंबे आरे कॉलोनी से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स मार्ग का उद्घाटन अक्टूबर के पहले सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्य में अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के साथ करने की संभावना है. भिड़े ने कहा कि इस पर लगभग 93 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और कोलाबा से आरे के बीच पूरी लाइन मार्च या मई 2025 तक संचालित होने की संभावना है.
ये होगी टाइमिंग
अश्विनी भिड़े ने कहा कि उन्होंने आरे और बीकेसी के बीच आठ जोड़ी ट्रेन के जरिये रोजाना 96 फेरे लगाने की योजना बनाई है. यह सेवा सुबह साढ़े छह बजे से रात साढ़े 10 बजे तक उपलब्ध कराई जाएगी. सिर्फ रविवार को पहली सेवा सुबह साढ़े छह बजे के बजाय आठ बजे से शुरू होगी.
इतना होगा किराया
उन्होंने कहा कि इस लाइन पर न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 50 रुपये होगा और कोलाबा-सीप्ज-आरे कॉरिडोर के पूरी तरह से संचालित होने पर अधिकतम किराया 70 रुपये होगा. कॉरिडोर के पहले फेज में प्रतिदिन साढ़े छह लाख यात्रियों की यात्रा करने की क्षमता है. भिड़े ने बताया कि ट्रेन संचालन के लिए 48 चालक होंगे, जिनमें 10 महिलाएं शामिल हैं.
नेटवर्क की नो चिंता
मेट्रो लाइन 3 पर टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के लिए सऊदी अरब के रियाद में स्थित ऐसेस की सहायक कंपनी ऐसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। इससे यात्रियों को अब एक्वा लाइन रूट पर यात्रा के दौरान मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं मिलेंगी। टेलीकॉम कंपनियों ने भी अपनी मशीन लगाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही वाईफाई सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी।



