PM नरेंद्र मोदी ने ली हाईलेवल मीटिंग, कल पाकिस्तान ने किया था सीजफायर का उल्लंघन

PM Narendra Modi Meeting: भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर हाईलेवल मीटिंग की, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, NSA अजीत डोभाल, CDS अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख समेत आईबी और रॉ के चीफ शामिल हुए। सीजफायर के बाद बॉर्डर से लगे जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और पंजाब में रविवार सुबह हालात सामान्य दिखाई दिए। वहीं सरकार ने जम्मू-कश्मीर के रामबन में बगलिहार और सालार डैम के गेट खोल दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- सीजफायर पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने फिर किया ट्वीट, कहा- दोनों देशों के मजबूत नेतृत्व पर गर्व
बता दें कि पाकिस्तान ने शनिवार शाम 5 बजे सीजफायर लागू होने के 3 घंटे बाद ही इसे तोड़ दिया था। जम्मू-कश्मीर, गुजरात, राजस्थान और पंजाब में ड्रोन अटैक किए गए, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। पाकिस्तान की ओर से सीजफायर का उल्लंघन करने पर भारतीय सेना को इस पर सख्त और ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। हालांकि कुछ समय बाद पाकिस्तान की ओर से फायरिंग और ड्रोन अटैक रोक दिया गया। शनिवार रात को विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीजफायर उल्लंघन की जानकारी दी थी। (PM Narendra Modi Meeting)
सेना को कड़ी कार्रवाई करने के लिए छूट
उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के DGMO के बीच जो पिछले कुछ दिनों से चल रही सैन्य कार्रवाई को रोकने का समझौता शाम को हुआ था, लेकिन उस समझौते का पाकिस्तान की ओर से घोर उल्लंघन हुआ है। भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की है, इस सीमा अतिक्रमण से निपट रही है, यह अतिक्रमण अत्यंत निंदनीय है और पाकिस्तान इसके लिए जिम्मेदार है। हमारा मानना है कि पाकिस्तान इस स्थिति को ठीक से समझे और इस अतिक्रमण को रोकने के लिए तुरंत उचित कार्रवाई करे। सेना इस स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं और उसे किसी भी अतिक्रमण से निपटने के लिए ठोस और सख्त कदम उठाने के लिए आदेश दे दिए गए हैं। सशस्त्र बल स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ-साथ नियंत्रण रेखा पर सीमा उल्लंघन की किसी भी पुनरावृत्ति की घटना से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। (PM Narendra Modi Meeting)
अब तक 5 जवान शहीद
सीजफायर उल्लंघन को लेकर रक्षा विशेषज्ञ और सेवानिवृत्त कैप्टन अनिल गौर ने कहा कि इससे पता चलता है कि पाकिस्तान एक ऐसा देश है, जिस पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं किया जा सकता। अब भारत को जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है। भारत को अब जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए और पाकिस्तान की सैन्य संपत्तियों को नष्ट करना चाहिए, ताकि उन्हें एहसास हो कि वे किससे निपट रहे हैं। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के दिन 22 अप्रैल से 10 मई तक पाकिस्तान की गोलीबारी में 5 जवान शहीद हो चुके हैं। जबकि 60 जवान घायल हैं। इसके अलावा 25 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 50 से ज्यादा घायल हैं, जिनका इलाज जारी है। (PM Narendra Modi Meeting)



