Google Analytics —— Meta Pixel

अजमेर शरीफ दरगाह में चढ़ाई गई PM नरेंद्र मोदी की चादर, ओवैसी ने कहा- चादर भेजने से कुछ नहीं होने वाला

PM on Ajmer Sharif: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अजमेर शरीफ दरगाह पर चादर चढ़ाई। प्रधानमंत्री मोदी ने 2 जनवरी को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को एक चादर सौंपी, जो 13वीं सदी के सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के ‘उर्स’ के अवसर पर अजमेर शरीफ दरगाह पर चढ़ाई जाती है। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि हम सब बहुत खुशकिस्मत है। हमने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से चादर चढ़ाई। मैंने प्रधानमंत्री मोदी का संदेश भी पढ़ा। हमने यहां दुआ मांगी।

यह भी पढ़ें:- केजरीवाल ने सिर्फ अपना भवन बनाने का काम किया: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उर्स के दौरान गरीब नवाज की दरगाह पर जाना देश की पुरानी परंपरा है। मुझे प्रधानमंत्री मोदी की ओर से चादर चढ़ाने का मौका मिला है। प्रधानमंत्री मोदी का संदेश सद्भाव और भाईचारे का है। विविधता में एकता हमारी संस्कृति है। हिंदू, जैन या सिख सभी समुदाय के लोग गरीब नवाज से दुआ मांगते हैं। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से चादर चढ़ाना पूरे देश की ओर से चादर चढ़ाने जैसा है। (PM on Ajmer Sharif)

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि गरीब नवाज के 813वें उर्स मुबारक के अवसर पर दुनिया भर में उनके अनुयायियों और अजमेर शरीफ में आए सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं। विभिन्न कालखंडों में हमारे संतों, पीरों, फकीरों और महापुरुषों ने अपने कल्याणकारी विचारों से जन-जन के जीवन को आलोकित किया। इस कड़ी में ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती के लोक कल्याण और मानवता से जुड़े संदेशों ने लोगों पर अमिट छाप छोड़ी है। उनके प्रति विश्वभर में लोगों की गहरी आस्था है। समाज में प्रेम और सौहार्द्र को बढ़ाने के लिए समर्पित उनका जीवन-आदर्श हमारी पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। उनके वार्षिक उर्स का उत्सव लोगों के आपसी जुड़ाव को सशक्त करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। (PM on Ajmer Sharif)

PM मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह अवसर लोगों को देश व समाज की बेहतरी के लिए हरसंभव कार्य करने की प्रेरणा देगा। वार्षिक उर्स के अवसर पर दरगाह शरीफ के लिए चादर भेजते हुए मैं ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती को नमन करता हूं और उनसे देशवासियों की प्रसन्नता और समृद्धि की कामना करता हूं। वहीं AIMIM प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इसे लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा, संघ परिवार और पूरे देश में उनके संगठन कोर्ट जा रहे हैं कि यहां-वहां खुदाई होनी चाहिए। वे कह रहे हैं कि यह मस्जिद नहीं है, वह दरगाह नहीं है। अगर प्रधानमंत्री चाहें तो यह सब बंद हो जाएगा। पिछले 10 सालों से भाजपा की सरकार है और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। 7 से ज्यादा मस्जिदें और दरगाहें उत्तर प्रदेश से हैं, जहां भाजपा सत्ता में है और जहां से प्रधानमंत्री सांसद हैं। चादर भेजने से कुछ नहीं होने वाला है। (PM on Ajmer Sharif)

Back to top button
error: Content is protected !!