एक हैं तो सेफ हैं… कुछ लोग इसे गलत बताने लगते हैं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM on Unity Day: PM नरेंद्र मोदी ने गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। इस बार का राष्ट्रीय एकता दिवस अद्भुत संयोग लेकर आया है। एक तरफ आज हम एकता का उत्सव मना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर दीपावली का पावन पर्व है। दीपावली दीपों के माध्यम से पूरे देश को जोड़ती है, पूरे देश को प्रकाशमय कर देती है। अब तो दीपावली का पर्व भारत को दुनिया से भी जोड़ रहा है। अनेक देशों में इसे राष्ट्रीय उत्सव की तरह मनाया जा रहा है। मैं देश और दुनिया में बसे सभी भारतीयों को दीपावली की अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि एक हैं तो सेफ हैं, जिसे गलत बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- National Unity Day 2024: राष्ट्रीय एकता दिवस पर पीएम मोदी ने दिलाई एकता की शपथ, बोले – आतंक के आकाओं को भारत नहीं छोड़ेगा
PM मोदी ने कहा कि आज से सरदार पटेल का 150वां जन्मजयंती वर्ष शुरू हो रहा है। आने वाले 2 सालों तक देश, सरदार पटेल की 150वीं जन्मजयंती का उत्सव मनाएगा। ये भारत के प्रति उनके असाधारण योगदान के प्रति देश की कार्यांजलि है। जब भारत को आजादी मिली थी, तब दुनिया में कुछ लोग थे जो भारत के बिखरने का आकलन कर रहे थे। उन्हें जरा भी उम्मीद नहीं थी कि सैकड़ों रियासतों को जोड़ कर एक भारत का निर्माण हो पाएगा, लेकिन सरदार साहब ने ये करके दिखाया। ये इसलिए संभव हुआ क्योंकि सरदार साहब व्यवहार में यथार्थवादी, संकल्प में सत्यवादी, कार्य में मानवतावादी और ध्येय में राष्ट्रवादी थे। (PM on Unity Day)
10 साल का कालखंड उपलब्धियों से भरा: PM मोदी
उन्होंने कहा कि बीते 10 साल का कालखंड भारत की एकता और अखंडता के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियों से भरा रहा है। आज सरकार के हर काम, हर मिशन में राष्ट्रीय एकता की प्रतिबद्धता दिखती है। एक सच्चे भारतीय होने के नाते, हम सभी का कर्तव्य है कि हम देश की एकता के हर प्रयास को सेलिब्रेट करें। उत्सव, उमंग से भर दें। ऊर्जा, आत्मविश्वास, हर पल नए संकल्प, नई उम्मीद, नई उमंग… यही तो सेलिब्रेशन है। विकास और विश्वास की एकता ही एक भारत-श्रेष्ठ भारत के निर्माण को गति देती है। हमारी हर योजना में, हमारी हर नीति में और हमारी नीयत में एकता हमारी प्राण शक्ति है। इसे देखकर सरदार साहब की आत्मा जहां भी होगी, हमें अवश्य ही आशीर्वाद देती होगी। (PM on Unity Day)
अनुच्छेद-370 को जमीन में गाड़ दिया: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद-370 को हमेशा-हमेशा के लिए जमीन में गाड़ दिया गया है। पहली बार वहां इस विधानसभा चुनाव में बिना भेदभाव के मतदान किया गया। पहली बार वहां के मुख्यमंत्री ने भारत के संविधान की शपथ ली है। ये दृश्य भारत के संविधान निर्माताओं को अत्यंत संतोष देता होगा, उनकी आत्माओं को शांति मिलती होगी और ये संविधान निर्माताओं को हमारी विनम्र श्रद्धांजलि है। आज पूरे देश को खुशी है कि आजादी के सात दशक बाद देश में एक देश और एक संविधान का संकल्प भी पूरा हुआ है। सरदार साहब को मेरी ये सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है। (PM on Unity Day)
संविधान पूरे देश में लागू नहीं हुआ था: PM मोदी
PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि 70 साल तक बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान पूरे देश में लागू नहीं हुआ था। संविधान की माला जपने वालों ने संविधान का ऐसा घोर अपमान किया था। कारण था, जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद-370 की दीवार। आज हमारे सामने एक ऐसा भारत है, जिसके पास दृष्टि भी है, दिशा भी है और दृढ़ता भी है। ऐसा भारत…जो सशक्त भी है और समावेशी भी है। जो संवेदनशील भी है और सतर्क भी है। जो विनम्र भी है और विकसित होने की राह पर भी है। जो शक्ति और शांति दोनों का महत्व जानता है। एकता के इस मंत्र को हमें कभी भी कमजोर नहीं पड़ने देना है। हर झूठ का मुकाबला करना है, एकता के मंत्र को जीना है। (PM on Unity Day)
एकता सामाजिक सद्भाव की जड़ी बुटी: PM
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये एकता, तेज आर्थिक विकास के लिए, विकसित भारत बनाने के लिए, समृद्ध भारत बनाने के लिए जरूरी है। ये एकता, सामाजिक सद्भाव की जड़ी बुटी है। एकता बनाए रखना है। आइए, हम एक होकर एक साथ आगे बढ़ें। भारत के बढ़ते सामर्थ्य से कुछ ताकतें परेशान हैं… ऐसे लोग भारत में अस्थिरता और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत के बढ़ते सामर्थ्य और एकता के भाव से परेशान कुछ लोग देश को तोड़ना और समाज को बांटना चाहते हैं। हमें इनसे बहुत सावधान रहना है। हमारे अथक प्रयासों से आज आदिवासी भाई-बहनों को विकास भी मिला है और बेहतर भविष्य का विश्वास भी मिला है। (PM on Unity Day)
वन नेशन, वन इलेक्शन पर काम कर रहे: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब हम वन नेशन, वन इलेक्शन पर काम कर रहे हैं जो भारत के लोकतंत्र को मजबूती देगा…और देश विकसित भारत के सपने को पार करने में और नई गति प्राप्त करेगा, समृद्धि प्राप्त करेगा। वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा, “निश्चित तौर पर एक राष्ट्र एक चुनाव पर कई दलों और अधिकतर राज्यों ने सहमति दर्ज की है। ये राष्ट्र के हित में होगा। हमारी मां लक्ष्मी से कामना है कि भारत समृद्ध हो और विकसित भारत बनें। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि देश को एकता और अखंडता के सूत्र में बांधने वाले ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन। भारत को एकजुट करने और देश में प्रेम और भाईचारा स्थापित करने वाले उनके पदचिह्न सदैव हमारा मार्गदर्शन करते हैं। (PM on Unity Day)



