रायपुर में जल्द लागू होगी पुलिस कमिश्नर प्रणाली, दिवाली के बाद कैबिनेट से मिलेगी मंजूरी!
राजधानी में कानून व्यवस्था अब और मजबूत! पुलिस कमिश्नर प्रणाली 1 नवंबर से शुरू, 4 वरिष्ठ अफसरों में टक्कर और 60+ अधिकारी नई टीम का हिस्सा। जवाबदेही और सुरक्षा अब और तेज़।

Police Commissioner System in Raipur : राजधानी रायपुर में पुलिसिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। प्रदेश सरकार की तैयारी अंतिम चरण में है और पुलिस कमिश्नर प्रणाली (Police Commissioner System in Raipur) को लागू करने के लिए केवल दिवाली के बाद कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार है। मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर से रायपुर कमिश्नरी सिस्टम पर काम शुरू हो सकता है।
कैबिनेट से साय सरकार का अंतिम फैसला
गृह विभाग ने पहले पुलिस मुख्यालय (PHQ) से रायपुर के लिए कमिश्नर प्रणाली पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद एडीजी प्रदीप गुप्ता की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई, जिसमें आईजी अजय यादव, आईजी अमरेश मिश्रा, डीआईजी ओपी पाल, एसपी अभिषेक मीणा और एसपी संतोष सिंह सदस्य थे।
यह भी पढ़े :- शहीद जवानों को नमन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीद वाटिका में दी भावभीनी श्रद्धांजलि
समिति ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, ओडिशा और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में लागू कमिश्नर प्रणाली का अध्ययन किया और गृह विभाग को विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी। अब यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कैबिनेट में रखी जाएगी, जहां से अंतिम फैसला लिया जाएगा।
कमिश्नर की कुर्सी के लिए चार वरिष्ठ IPS अफसर रेस में
राजधानी के पहले पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति के लिए चार वरिष्ठ IPS अधिकारी रेस में हैं। एडिशनल पुलिस कमिश्नर के पद के लिए भी चार नामों पर विचार चल रहा है।
सरकार के पास तीन विकल्प हैं:
- एडीजी रैंक के अधिकारी को कमिश्नर बनाना
- आईजी रैंक के अधिकारी को नियुक्त करना
- डीआईजी रैंक के अधिकारी को कमिश्नर बनाना
शीर्ष पद के आधार पर जॉइंट कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर और एसीपी की संख्या भी तय की जाएगी।
नई टीम और राजधानी की कानून व्यवस्था में बदलाव
प्रारंभिक योजना के अनुसार, कमिश्नर से लेकर थाना प्रभारी (टीआई) तक करीब 60 अधिकारी इस नई व्यवस्था में काम करेंगे। राजधानी की पुलिसिंग संरचना पूरी तरह बदलेगी, जिससे निर्णय लेने की गति और जवाबदेही दोनों बढ़ेंगी।
इस नई प्रणाली का उद्देश्य है — तेज, जवाबदेह और प्रोफेशनल पुलिस प्रशासन, जो अपराध नियंत्रण में असरदार साबित हो। (Police Commissioner System in Raipur)



