50 लाख गबन कांड में सियासी भूचाल, कांग्रेस पार्षद गिरफ्तार, बढ़ सकती हैं मुश्किलें

रायपुर। जिले में 50 लाख रुपये के गबन मामले ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है। ड्राइवर कृष्णा साहू द्वारा की गई कथित धोखाधड़ी में बिरगांव नगर निगम के कांग्रेस पार्षद ओम प्रकाश साहू की संलिप्तता सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच आग का तांडव, अलग-अलग जिलों में आग लगाने से लाखों का नुकसान
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी कृष्णा साहू ने गबन की रकम छिपाने और ठिकाने लगाने में अपने रिश्तेदारों व परिचितों की मदद ली। इसी कड़ी में पार्षद ओम प्रकाश साहू का नाम सामने आया है। उन पर रकम छिपाने में सहयोग करने का आरोप है।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए ओम प्रकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद मामला अब सियासी रंग ले चुका है। कांग्रेस संगठन ने पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पार्षद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पार्टी स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी कृष्णा साहू समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के पास से करीब 49.50 लाख रुपये नकद और दो कारें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गबन की रकम किन-किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।



