
Union Budget 2025 : केंद्रीय बजट 2025 से पहले संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक घमासान मच गया है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के ‘Poor Lady’ वाले बयान पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे राष्ट्रपति के अपमान से जोड़ते हुए कांग्रेस से माफी की मांग की है।
सोनिया गांधी का बयान और विवाद
राष्ट्रपति मुर्मू के अभिभाषण के बाद कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कहा, “वो Poor Lady हैं और अभिभाषण के बाद थक गई थीं।” वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को “बोरिंग” करार दिया। इन बयानों के सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर आदिवासी विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया है।
बीजेपी की तीखी प्रतिक्रिया
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोनिया गांधी के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा,
“हम भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए ‘Poor’ शब्द के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हैं। कांग्रेस जानबूझकर ऐसा करती है, जो उसकी गरीब-विरोधी और आदिवासी-विरोधी सोच को दर्शाता है। कांग्रेस को भारत के आदिवासी समुदाय और राष्ट्रपति से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।”
केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी सोनिया गांधी के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा,
“राष्ट्रपति का संबोधन प्रधानमंत्री मोदी की सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा था। सोनिया गांधी का बयान सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन एक आदिवासी महिला का सीधा अपमान है।”
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा,
“राष्ट्रपति मुर्मू ने बुलंदी के साथ अपने विचार रखे हैं, लेकिन कांग्रेस ने उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की है। सोनिया गांधी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।”
यह भी पढ़ें : यात्री विमान और हेलिकॉप्टर में जोरदार टक्कर, सभी 67 लोगों की हुई मौत
राष्ट्रपति के अभिभाषण की प्रमुख बातें
राष्ट्रपति मुर्मू ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में अपने अभिभाषण के दौरान सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “एक राष्ट्र, एक चुनाव” और “वक्फ (संशोधन) विधेयक” जैसे कानूनों को तेजी से आगे बढ़ाया गया है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि “भारत की विकास यात्रा के अमृतकाल में सरकार अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल कर रही है। सरकार की नीतियों के कारण देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।”
आर्थिक सर्वेक्षण और बजट सत्र
इस बीच, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 पेश किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 1 फरवरी 2025 को सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।
सोनिया गांधी के बयान पर उपजे विवाद ने कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक टकराव को और बढ़ा दिया है। जहां बीजेपी इसे आदिवासी विरोधी मानसिकता का प्रमाण बता रही है, वहीं कांग्रेस ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और तेज हो सकती है। (Union Budget 2025)